मनीमाजरा। अपने बच्चे की स्कूल में एडमिशन करवाने आई एक महिला ने स्कूल टीचर का ही पर्स चोरी कर लिया। पर्स में एक हजार रुपये कैश, मोबाइल और अन्य सामान था। टीचर सीमा ने तुरंत चोरी की सूचना मनीमाजरा पुलिस को दी।
पुलिस ने बस स्टैंड मनीमाजरा के पास बने गर्वनमेंट मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल की टीचर सीमा की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। इस दौरान प्रिंसिपल रेणू चोपड़ा ने स्कूल में लगे सीसीटीवी कैमरे की रिकॉर्डिंग चेक की तो पता चला कि एक महिला अपने बच्चे को पहली क्लास में दाखिला दिलवाने आई थी। उसने ही कुर्सी पर टंगे सीमा के पर्स को चुराया था।
एक घंटे बाद पर्स चोरी करने वाली महिला फिर स्कूल में आई। महिला के आते ही स्कूल टीचर ने फिर पुलिस को बुलाकर उसे पकड़वा दिया। इस दौरान पुलिस ने छानबीन कर तलाशी ली तो दर्शनी बाग निवासी महिला वामिनी अवस्थी से पर्स और मोबाइल आदि मिल गए। पुलिस ने वामिनी अवस्थी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।