पानी की टंकी में मां और बेटे के शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मामला पंजाब के पठानकोट का है। पंजाब और हिमाचल सीमा से सटे थाना इंदौरा के गांव डाहकुलाड़ा में सुबह पानी की टंकी में मां और साढ़े तीन साल के मासूम बेटे के शव मिले। मौके पर एसडीएम समेत पुलिस के आला अधिकारी भी पहुंचे। दोनों की मौत की वजह पारिवारिक कलह बताई जा रही है। महिला के परिवार ने ससुरालवालों पर बेटी और नाती की हत्या का आरोप लगाया है।
जानकारी के मुताबिक सपना अपने पति अंकुश गुलेरिया और बेटे अंगद के साथ कमरे में सोई थी। सुबह अंकुश गुलेरिया ने दोनों को अपने साथ लेटा न देख पिता को बताया। पूरे परिवार ने उनकी खोज शुरू कर दी। गांव में तलाश करने के बाद थाना इंदौरा में गुमशुदगी की रिपोर्ट लिखाई गई। अंकुश ने बताया कि आंगन में बनी पानी की टंकी को उनकी माता ने खोला तो उसमें सपना और अंगद की लाश थी।