पंजाब के फाजिल्का में मोर्टार बम मिलने से हड़कंप मच गया। मामला सीमांत गांव बाधा का है। यहां एक किसान के खेत में शुक्रवार को मोर्टार बम मिला है। किसान खेत में धान की बिजाई कर रहा था तभी मिट्टी में उक्त बम मिला। सूचना पाकर पुलिस वारदात स्थल पर पहुंची और बम को कब्जे में लेकर अपनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस ने बम निरोधक दस्ते को सूचित किया है। डीएसपी जोरा सिंह ने बताया कि सीमांत गांव बाधा के खेत में एक किसान धान की बिजाई कर रहा था कि उसे खेत में मोर्टार बम मिला। उसने इसकी सूचना पुलिस को दी। डीएसपी ने कहा कि ये बम बहुत पुराना है। जंग भी लगा है। फिलहाल बम को पुलिस लाइन में सुरक्षित रखा है और बम निरोधक दस्ते को सूचित कर दिया है।
लोगों का कहना है कि सीमांत इलाका है, यहां से पहले भी बम मिल चुके हैं। भारत-पाकिस्तान के बीच 1965 व 1971 में युद्ध हुए थे। उस दौरान कई बम यहां गिरे मगर उनमें विस्फोट नहीं हुआ। यह बम भी उन्हीं युद्ध के समय का हो सकता है।