पंजाब पुलिस का एक एडिशनल एसएचओ नशे की हालत में युवती के साथ कुछ ऐसा कर गया कि उसे सस्पेंड कर दिया गया। मामला, पंजाब के कपूरथला शहर का है। यहां थाना सिटी के एडिशनल एसएचओ ने नशे की हालत में सरेआम युवती के भाई, चाची व दादी के सामने छेड़छाड़ कर दी।
युवती के परिजनों ने तुरंत एसआई की निजी कार को घेर लिया। पीड़ित ने थाना सिटी को आरोपी एसआई के खिलाफ कार्रवाई की शिकायत दी है। एसएसपी ने आरोपी एसआई को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है।
मंगलवार की रात दस बजे जलौखाना चौक स्थित आइसक्रीम पार्लर पर एक युवती अपने भाई, चाची व दादी के साथ सैर करते हुए आइसक्रीम खाने आई थी। वह अपने परिजनों के साथ आइसक्रीम का लुत्फ उठा रही थी।
इसी बीच एक कार पार्लर के सामने आकर रुकी। उसमें थाना सिटी के एडीशनल एसएचओ सबइंस्पेक्टर दर्शन सिंह सवार थे। सबइंस्पेक्टर ने आते ही युवती के साथ छेड़छाड़ शुरू कर दी। युवती व उसके परिजनों के अनुसार एसआई नशे में धुत था और उसने पुलिस की वर्दी भी पहनी हुई थी।