महिला कर्मी ने फैक्टरी मालिक के बेटे पर छेड़छाड़ और मारपीट का आरोप लगाया है। पुलिस ने महिला का मेडिकल करवाकर आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार वीरवार को इंडस्ट्रियल एरिया फेज दो की फैक्टरी मालिक के बेटे नितिन मेहता (28) को गिरफ्तार किया गया।
फैक्टरी में कार्यरत महिला ने आरोप लगाया कि वह सुबह नितिन के कमरे में चाय देने गई थी। जैसे ही वह टेबल पर चाय देकर लौट रही थी तो नितिन ने उससे जबरदस्ती की कोशिश की। महिला ने जब युवक से बचने की कोशिश तो नितिन ने उससे मारपीट शुरू कर दी। महिला के अनुसार उसे लात-घूंसे मारे गए। पीड़िता का कहना है कि वह फैक्टरी में 16 साल से काम कर रही थी।
नितिन उसे कई दिन से परेशान कर रहा था। महिला ने फैक्टरी से ही 100 नंबर पर फोन कर पुलिस को बुलाया। मौके पर पहुंची पुलिस और महिला को जीएमसीएच -32 अस्पताल ले जाकर मेडिकल करवाया। महिला की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर उसे शाम को गिरफ्तार किया गया। शुक्रवार को आरोपी को जिला अदालत में पेश किया जाएगा।