करोड़ों के सिटरस स्कैम का आरोपी था एकम
- फोटो : अमर उजाला
फेज-3बी1 में पत्नी द्वारा मौत के घाट उतारे गए एकम सिंह पांच साल पहले हुए करोड़ों रुपये के सिटरस स्कैम में शामिल था। इस घोटाले में उनकी पत्नी सीरत भी शामिल थी। यह मामला अभी अदालत में चल रहा है।
जानकारी के मुताबिक, पुलिस द्वारा 2011 में इस संबंध में केस दर्ज किया गया था। जांच के दौरान सामने आया था की पंजाब एग्रो की तरफ से फसल विविधिकरण प्रोजेक्ट के तहत 87 करोड़ रुपये खर्च किए गए थे। प्रोजेक्ट के तहत 20 हजार एकड़ जमीन कवर की जानी थी, लेकिन जांच में सामने आया कि केवल 4000 एकड़ जमीन कवर की गई थी।
आरोप था काउंसिल ऑफ सिट्रिस एंड एग्री जुसिंग एंड ऑर्गेनिक फार्मिंग काउंसिल ऑफ पंजाब में सरकारी फंड का गलत तरीके से प्रयोग किया। जब यह केस दर्ज किया गया था, उस समय एकम पंजाब एग्रो में सीनियर ऑफिसर के पद पर तैनात थे। जबकी उनकी पत्नी सीरत एक फर्म की डायरेक्टर थी। वह फर्म भी इस स्कैम में शामिल थी।
पुलिस की क्राइम ब्रांच ने 3 फरवरी 2011 को केस दर्ज किया था। इस दौरान विक्रमजीत सिंह चिमनी चीफ एक्सिक्यूटिव ऑफिसर, एकम सिंह ढिल्लों सीनियर मैनेजर, गुरप्रीत सिंह नयन असिस्टेंट मैनेजर, उसकी पत्नी मधुमिता नयन, सीरत ढिल्लों, नवजोत सिंह, राजिंद्र सिंह, डॉ. विपिन सिंह, उमा सैनी और योगेश दत्ता शामिल थे।