लालकुर्ती गुरुद्वारा साहिब से मोबाइल चोरी के मामले में पकड़े गए चोर ने गुरुवार को कोर्ट परिसर में पेशी से पहले ही भागने का प्रयास किया। मुलाजिमों के सामने ही लालकुर्ती निवासी आरोपी अमन उर्फ मोर ने पहली मंजिल से ही नीचे छलांग लगा दी। जैसे ही चोर कूदा तो कोर्ट परिसर में हलचल मच गई। पुलिस मुलाजिमों ने मुस्तैदी दिखा चोटिल आरोपी को गिरते ही दबोचा लिया।
गंभीर रूप से घायल होने के कारण उसे आनन-फानन अंबाला सिटी नागरिक अस्पताल ले जाया गया, जहां वह उपचाराधीन है। इस मामले में सीआईए की टीम ने मौके पर पहुंचकर आरोपी से पूछताछ शुरू कर दी। लालकुर्ती चौकी प्रभारी कुलदीप ने बताया कि आरोपी के टांग व सिर पर चोट आई है। चोर को कोर्ट में पेश करने के बाद एक दिन के रिमांड पर लेकर चोरी के मोबाइलों की बरामदगी करनी थी। उससे पहले ही वह भागने के प्रयास में पहली मंजिल से कूद गया। ठीक होते ही दोबारा कोर्ट में पेश किया जाएगा।
गुरुद्वारा साहिब से 25 जून को उठाया था मोबाइल
पुलिस ने बताया कि आरोपी ने 25 जून को लालकुर्ती के गुरुद्वारा साहिब में घुसकर मोबाइल चोरी कर लिया था। जैसे ही पाठी कुलबीर सिंह को भनक लगी तो उन्होंने शिकायत दी थी। पड़ाव थाने में मामला दर्ज करने के बाद आरोपी की तलाश शुरू की गई थी। इसी बीच 28 जून को अमन उर्फ मोर लालकुर्ती में घुमता पाया गया था। गिरफ्तार करने के बाद आरोपी से चोरी का मोबाइल बरामद नहीं हो सका था। गुरुवार को छावनी नागरिक अस्पताल से मेडिकल करवाने के बाद मुलाजिम कोर्ट परिसर में लेकर पहुंचे थे तो आरोपी ने भागने का प्रयास किया। बताया जाता है कि आरोपी नशे का आदी है और उस पर पहले भी कई मामले दर्ज हैं।