नाभा के सरकारी कालेज में बीए फर्स्ट ईयर की छात्रा के साथ गैंगरेप का सनसनीखेज मामला सामने आया है। संबंधित थाना कोतवाली नाभा पुलिस ने मामले में एक युवक को नामजद कर लिया है, जबकि इसके दो अज्ञात साथियों के खिलाफ भी केस दर्ज कर लिया है। फिलहाल मामले में किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
पीड़ित छात्रा की ओर से पुलिस को दी शिकायत के मुताबिक 27 मार्च सुबह वह रोजाना की तरह कॉलेज पहुंची थी। करीब साढ़े 11 बजे आरोपी दविंदर सिंह निवासी गांव ककराला उसके पास आया और कहने लगा कि उसने कोई जरूरी बात करनी है, इसलिए कालेज में प्रिंसिपल दफ्तर के ऊपर पहली मंजिल पर बने कमरे में आना।
दोपहर एक बजे जैसे ही लेक्चर खत्म हुआ, वह उस कमरे में चली गई। लेकिन वहां आरोपी दविंदर सिंह के साथ दो अज्ञात व्यक्ति भी मौजूद थे। इन अज्ञात व्यक्तियों में से एक ने उसे देखते ही तुरंत कमरे की अंदर से कुंडी लगा ली। वहीं दूसरे ने उसके मुंह पर हाथ रख दिया, ताकि वह शोर न मचा सके। इसके बाद तीनों आरोपियों ने उसके साथ गैंगरेप किया।
आउटसाइडर है मुख्य आरोपी
थाना इंचार्ज गुरप्रीत सिंह समराओ के मुताबिक मामले में नामजद मुख्य आरोपी दविंदर सिंह आउटसाइडर है। उन्होंने माना कि बाकी दो आरोपियों की भी पुलिस ने पहचान कर ली है। जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि अभी यह जांच का विषय है कि कालेज में प्रिंसिपल व सभी स्टाफ सदस्यों के होते हुए तीन आरोपियों ने छात्रा के साथ गैंगरेप की वारदात को कैसे अंजाम दे दिया। उन्होंने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए रेड की जा रही है।
जानकारी के मुताबिक प्रिंसिपल दफ्तर के ऊपर बने जिस कमरे में यह वारदात हुई, वह साइंस रूम है। जहां कालेज समय के दौरान हर समय विद्यार्थियों का आना-जाना लगा रहता है। ऊपरी मंजिल पर सीसीटीवी कैमरे भी लगे हैं, जिनकी लगातार मानीटरिंग भी होती रहती है।