बहन की ससुराल में विवाह समारोह में युवक ने अपने दो साथियों संग नाबालिग लड़की से रेप किया और फरार हो गए। घटना हरियाणा के लाडवा खंड के गांव बड़शामी में हुई। डीएसपी अनिल कुमार ने मौके पर पहुंच कर पूछताछ की।
तीनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया था, जबकि फरार युवकों का कोई सुराग नहीं लग सका। शनिवार देर शाम पुलिस उपाधीक्षक अनिल कुमार यादव ने बताया कि थाना नांगल गांव सौंटी वासी प्रवीण कुमार की बहन की ससुराल गांव बड़शामी में हैं। 20 फरवरी को प्रवीण बहन की ससुराल में विवाह समारोह में शामिल होने के लिए आया हुआ था।
कमरे में ले गए और तीनों ने उससे दुष्कर्म किया
आरोपी की बहन के पड़ोस में रहने वाली नाबालिग लड़की शुक्रवार रात आठ बजे कुछ सामान लेने के लिए जा रही थी कि प्रवीण व उसके दो अन्य साथी पीड़िता को बहला फुसलाकर कमरे में ले गए और तीनों ने उससे दुष्कर्म किया। पीड़ित लड़की ने सारी घटना की जानकारी परिजनों के साथ लाडवा थाना में आकर दी थी।
मधुबन एफएसएल की टीम ने किया मुआयना
डीएसपी अनिल कुमार यादव, लाडवा थाना के एसआई जीत सिंह, एफएसएल मधुबन की टीम ने घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने मौके से कुछ महत्वपूर्ण नमूने जुटाए हैं, जिन्हें जांच के लिए मधुबन लैब में भेजा जाएगा। लाडवा पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।