मिनी बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में 14 लोग गंभीर घायल हो गए। वहीं, एक्सीडेंट की खबर सुनकर एक घायल व्यक्ति की मां ने दम तोड़ दिया। घटना पंजाब के अबोहर की है। गांव दीवानखेड़ा से अबोहर आ रही एक निजी कंपनी की मिनी बस सोमवार सुबह गांव दौलतपुरा के पास अचानक पलट गई।
हादसे में 14 सवारियां घायल हो गईं। सूचना मिलते ही पास स्थित गोशाला के सेवादारों ने मौके पर पहुंचकर घायलों को सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया। मिनी बस पलटने की सूचना जैसे ही गांव पहुंची एक घायल युवक की मां ने दहशत में दम तोड़ दिया।
घटना से गुस्साए लोगों ने बस में तोड़फोड़ की। सोमवार सुबह दीवानखेड़ा से जनता ट्रांसपोर्ट कंपनी की बस सवारियां लेकर अबोहर आ रही थी। जब यह दौलतपुरा के सामने श्री गोकुल गोधाम गो चिकित्सालय के पास पहुंची तो एक अन्य वाहन को साइड देते समय बस अनियंत्रित होकर पलट गई।
चिल्लाने की आवाजें सुनकर दौड़े आए लोग
अबोहर में मिनी बस का एक्सीडेंट
- फोटो : अमर उजाला
हादसे में घायल सवारियों के चिल्लाने की आवाजें सुनकर गोशाला के सदस्य नरेंद्र रिणवां, राजिंद्र रिणवां, जगदेव सिंह तथा खेतों में काम कर रहे रवि गोदारा, पंकज गोदारा व महेंद्र मौके पर पहुंचे और घायलों को अस्पताल में दाखिल करवाया।
बस पलटने से गांव दीवानखेड़ा निवासी 25 वर्षीय युवक ओम प्रकाश पुत्र स्व. अशोक कुमार के घायल होने का समाचार सुनकर उसकी 50 वर्षीय माता रेश्मा ने सदमा न सहते हुए दम तोड़ दिया।
घायल सवारियों का कहना था कि घटना के समय बस चालक मोबाइल पर बात कर रहा था इसीलिए बस अनियंत्रित हुई है। इससे गुस्साए ग्रामीणों ने बस के शीशे तोड़ते हुए उसे क्षतिग्रस्त कर दिया जबकि बस चालक मौके से फरार हो गया।
थाना खुईयां सरवर के प्रभारी सुरेंद्र पाल ने बताया कि अभी तक किसी ने मामले में शिकायत दर्ज नहीं कराई है। शिकायत मिली तो पुलिस कार्रवाई करेगी।