बीकेयू लक्खोवाल का कर्मचारी फंदे से लटकता मिला
लुधियाना में भारतीय किसान यूनियन लक्खोवाल के दफ्तर में काम करने वाले जवाहर नगर निवासी अनिल थापा (48) ने संदिग्ध हालात में फंदा लगाकर जान दे दी। घटना का पता बुधवार की सुबह चला। यूनियन के सदस्यों ने अंदर शव लटकता देख तुरंत इसकी जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलने के बाद थाना माडल टाउन की पुलिस मौके पर पहुंच गई।
पुलिस ने जांच के बाद शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को सिविल अस्पताल भेज दिया है। पुलिस ने अनिल थापा के आत्महत्या करने के कारणों का पता लगाने में जुटी है। जांच अधिकारी एएसआई कुलविंदर सिंह ने बताया कि अनिल थापा मूलरूप से नेपाल का रहने वाला था और भाकियू लक्खोवाल के स्कूटर मार्केट के सामने स्थित दफ्तर में काम करता था।
वही खाना बनाता और साफ सफाई का काम करता था। मंगलवार की रात को उसने दफ्तर में ही संदिग्ध हालत में फंदा लगा लिया। मंगलवार रात को तो किसी को पता नहीं चला, बुधवार की सुबह जब यूनियन के सदस्य आए तो अंदर शव लटकता हुआ मिला। कुलविंदर ने बताया कि पुलिस जांच में जुटी है।
कोटकपूरा में पार्क में मिला शव
जलालेआना रोड पर स्थित पार्क में से एक नौजवान का शव बरामद हुआ है। मृतक की पहचान प्रेम नगर के रहने वाले गुरमेल कुमार के रूप में हुई। सिटी पुलिस ने शव कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए फरीदकोट के मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भेज दिया है। जानकारी के अनुसार बुधवार सुबह उक्त पार्क में लंबे समय से बंद आरओ प्लाट में एक बेसुध नौजवान पड़ा था, इस बारे में पुलिस को सूचित किया गया। सूचना मिलने पर डीएसपी रमनदीप सिंह भुल्लर व थाना सिटी एसएचओ गुलजिंदर सिंह मौके पर पहुंचे और जांच के बाद शव को कब्जे में लिया गया। मोबाइल फोन के आधार पर उसकी पहचान की गई।