मामले की जानकारी देते पुलिस अधिकारी।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
अमृतसर के सब इंस्पेक्टर दिलबाग सिंह की कार के नीचे आईईडी बम लगाने के मामले में कमिश्नरेट पुलिस भी लगातार पूरी तरह से सतर्क है। बम लगाने वाले आरोपियों की लुधियाना में मदद करने वाले एक आरोपी को कमिश्नरेट पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी पीएसपीसीएल में कांट्रैक्ट पर काम करता था। पुलिस ने आरोपी को दुगरी इलाके से गुप्त सूचना के आधार पर गिरफ्तार किया है, इसकी पहचान फगवाड़ा निवासी अवि सेठी के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया। जहां से उसे एक दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ करने में जुटी है। सीआईए वन के इंचार्ज इंस्पेक्टर बेअंत जुनेजा ने बताया कि पुलिस पार्टी ने इलाके में नाकाबंदी कर रखी थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि अमृतसर में एसआई की कार के नीचे आईईडी बम लगाने वालों की मदद करने वाला कोई और नहीं बल्कि गिल रोड स्थित पीएसपीसीएल की ब्रांच में काम करने वाला मुलाजिम है। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को काबू कर लिया।
पुलिस के मुताबिक आरोपी इस मामले में पहले से गिरफ्तार विनय थापर का साथी है। विनय के कहने पर ही उसने अन्य आरोपियों के शहर में रहने की व्यवस्था की थी। इसके साथ-साथ उनके खाने पीने और यहां तक कि शहर में आने जाने के लिए वाहन का इंतजाम भी अवि ही करता था। उन्होंने कहा कि वह खुद किराये के मकान में रहता था और मूलरूप से फगवाड़ा का रहने वाला है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर पता लगाने में जुटी है कि वह कहां इंतजाम कराता था और उसका सारा खर्च कहां से कैसे आता था।