तेजरफ्तार वाहन की चपेट में आने से साइकिल सवार की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि पीछे बैठा उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया है। घायल का इलाज पीजीआई में चल रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक वीरवार देर रात सेक्टर 15 से नया गांव निवासी दविंदर और संदीप एक ही साइकिल पर घर लौट रहे थे। जब वह सेक्टर 15 की लाइट पर पहुंचे तो एक तेज रफ्तार वाहन चालक टक्कर मारकर फरार हो गया। आसपास के लोगों ने 100 नंबर पर फोन कर दुर्घटना की सूचना दी।
मौके पर पहुंची पीसीआर दोनों घायलों को जीएसएसएच 16 ले गई। जहां दविंदर (35) को डॉक्टरों ने देखते ही मृत घोषित कर दिया। जबकि उसके साथी संदीप की गंभीर हालत देखते हुए पीजीआई रेेफर कर दिया। जहां उसकी हालत नाजुक बनी है।
पुलिस ने बताया कि जिस समय हादसा हुआ दविंदर साइकिल चला रहा था, जबकि संदीप पीछे बैठा था। दोनों कैटरिंग का काम करते हैं। पुलिस ने वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। अभी वाहन चालक का पता नहीं चला है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।