आरोपी का पिता रिटायर्ड दरोगा पहले जा चुका है जेल
स्पेशल जज दस्यु प्रभावित क्षेत्र विकास कुमार ने डकैती के आरोपी रिटायर्ड दरोगा के बेटे और चंद्रिका देवी इंटर कॉलेज के प्रबंधक अजय मिश्रा समेत दो लोगों को शुक्रवार को जेल भेज दिया। रिटायर्ड दरोगा आरएस मिश्रा समेत दो लोगों को मंगलवार को जेल भेजा गया था। चारों आरोपी कुर्की की कार्रवाई शुरू होने पर कोर्ट में हाजिर हुए थे।
शहर कोतवाली क्षेत्र के जोगीपुरा गुरुद्वारा के पास रहने वाला आरएस मिश्रा रिटायर्ड दरोगा है। उसका बेटा अजय मिश्रा उझानी रोड स्थित चंद्रिका देवी इंटर कॉलेज का प्रबंधक है। आरएस मिश्रा, अजय मिश्रा, अखिल धींगड़ा, गौरव धींगड़ा और अजय गुप्ता के खिलाफ ज्योति मेंहदीरत्ता ने दो फरवरी 2008 को डकैती की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। आरोप था कि इन पांचों लोगों ने 31 जनवरी 08 की रात आहूजा होटल स्थित केबल नेटवर्क के दफ्तर में हथियारों के बल पर करीब 12 लाख रुपये का माल लूट लिया था। पुलिस ने अखिल धींगड़ा को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। वह जमानत पर चल रहा है। बाकी के आरोपी चार्जशीट दाखिल होने तक हाईकोर्ट के स्टे पर थे। चार्जशीट दाखिल होने के बाद भी आरोपी कोर्ट में पेश नहीं हुए। कोर्ट ने इनके खिलाफ वारंट जारी करने के बाद धारा 82 की कार्रवाई कर दी। मंगलवार को आरएस मिश्रा और गौरव धींगड़ा कोर्ट में पेश हुए। दोनों ने जमानत अर्जी दी। कोर्ट ने जमानत अर्जी खारिज कर दोनों को जेल भेज दिया है। शुक्रवार को अजय मिश्रा और अजय गुप्ता कोर्ट में हाजिर हुए। कोर्ट ने इन दोनों को भी जेल भेज दिया है।