अमेरिका की नेबरास्का स्टेट मे दो ट्रेलर की आमने- सामने हुई भिड़ंत मे लुधियाना की महिला समेत तीन लोगों की मौके पर मौत हो गई जबकि महिला का पति गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे एयरलिफ्ट कर ब्रयान मेडिकल सेंटर मे दाखिल करवाया गया है। बाकी दो अन्य मरने वाले अमेरिकी नागरिक थे जिनके नाम का खुलासा पुलिस ने नहीं किया है।
मृतक महिला की पहचान लुधियाना के गांव राउवाल की गुरविंदर कौर के रूप में हुई है, जबकि गंभीर रूप से घायल उसके पति का नाम सतविंदर सिंह है। दोनों को कनाडा की नागरिकता हासिल थी। पति-पत्नी ट्रेलर चलाते थे और कनाडा से अमेरिका के लिए कई बड़ी कंपनियों के माल की ढुलाई करते थे।
दुर्घटना बुधवार को भारतीय समय के अनुसार दोपहर बाद करीब चार बजे की है। सतविंदर सिंह और गुरविंदर ट्रेलर को कनाडा से लोड कर अमेरिका के लिए निकले थे। नेबरास्का स्टेट मे इंटर स्टेट 80 मिलफोर्ड के समीप दूसरी तरफ से आ रहे ट्रेलर पर ड्राइवर अपना नियंत्रण खो बैठा। ट्रेलर ने डिवाइडर तोड़ते हुए सामने से आ रहे ट्रेलर की जोरदार टक्कर मारी। इसके बाद दोनों ट्रेलरों मे आग लग गई। इसकी सूचना मिलते ही नेबरास्का स्टेट की सेवर्ड काउंटी पुलिस शैरीफ की अगुवाई मे तुरंत मौके पर पहुंची।
25 साल पहले सतविंदर गए थे कनाडा
नई आबादी अकालगढ़ के सरपंच और सतविंदर सिंह के बहनोई सुखविंदर सिंह कलेर ने बताया कि उन्हें शाम करीब पांच बजे कनाडा से एक रिश्तेदार ने फोन पर हादसे की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सतविंदर सिंह 25 साल पहले कनाडा गए थे। पहले वह एक पुरुष पार्टनर के साथ ट्रेलर चलाते थे। करीब एक वर्ष पहले उनकी पत्नी गुरविंदर कौर ने टेस्ट पास कर ड्राइविंग लाइसेंस लिया था। गुरविंदर पिछले आठ माह से पति सतविंदर के साथ बतौर पार्टनर ट्रेलर चला रहीं थीं। इस समाचार से राउवाल गांव में उनके रिश्तेदार गहरे सदमे में हैं।