एकतरफा प्यार में आशिक की खौफनाक करतूत देखिए, शादी से दो दिन पहले की युवती को कॉलेज के बीच गोली से उड़ा दिया। मामला हरियाणा के महेंद्रगढ़ का है।
राजकीय कॉलेज कनीना में परीक्षा देने आई बीएससी द्वितीय वर्ष की छात्रा की सोमवार को कॉलेज परिसर में ही गोली मारकर हत्या कर दी गई। दो दिन बाद ही उसकी शादी होने वाली थी। एकतरफा प्यार में पड़े गांव के ही युवक के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कराया गया है।
युवक से परेशान होकर ही कर रही थी शादी
चेलावास गांव निवासी सरिता राजकीय कॉलेज कनीना में सोमवार को शाम के सत्र में बीएससी द्वितीय वर्ष केमिस्ट्री का एग्जाम देने जीजा प्रवेश के साथ कॉलेज आई थी। प्रवेश उसे कालेज में छोड़कर चला गया था। वह कम्प्यूटर लैब के सामने पार्क में थी कि अचानक किसी ने उसकी कनपटी पर गोली मार दी।
गोली की आवाज सुनकर कॉलेज स्टाफ घटनास्थल पर पहुंचा लेकिन तब तक सरिता दम तोड़ चुकी थी। घटनास्थल के आसपास कोई दिखाई नहीं दिया। सूचना पर पहुंची कनीना थाना पुलिस ने मृतका के जीजा प्रवेश के बयान पर गांव के ही रविंद्र उर्फ सिंटू के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।
मृतका के जीजा ने बताया कि सिंटू अक्सर सरिता का पीछा करता था, जिससे परेशान होकर उन्होंने जल्दी शादी करने की सोची थी। 20 मई को सरिता की शादी होनी थी लेकिन दो दिन पहले ही आरोपी ने उसकी हत्या कर दी।
शोर में दब गई गोली की आवाज
परीक्षा के कार्यवाहक सुपरिंटेंडेंट इन चीफ डॉ. हरिओम ने बताया कि छात्रों के शोर के कारण गोली की आवाज दब गई थी।
कॉलेज में सीसीटीवी नहीं
कॉलेज परिसर या मुख्य गेट पर सीसीटीवी कैमरा की व्यवस्था नहीं है। अगर कॉलेज परिसर या गेट पर सीसीटीवी कैमरा लगा होता तो आरोपी को सलाखों के पीछे पहुंचाने में पुलिस को आसानी रहती।
मृतका के जीजा के बयान पर आरोपी पर केस दर्ज कर लिया गया है। गिरफ्तारी के बाद ही हत्या के कारणों का खुलासा हो पाएगा।
-राजेंद्र सिंह, एसएचओ, कनीना