पंजाब के भुलत्थ में नडाला रोड पर एक किराना के थोक व्यापारी से नकाबपोश बाइक सवारों ने 4.42 लाख रुपये की लूट को अंजाम दिया। व्यापारी अपने किराना की उधारी लेकर नडाला लौट रहा था। चार बाइक सवारों ने दातर दिखाकर उसकी एक्टिवा की डिग्गी से नकदी और एक्टिवा छीन ली। हालांकि लूटी गई एक्टिवा घटनास्थल से 300 मीटर दूर लावारिस हालत में मिल गई।
नडाला निवासी पीड़ित व्यापारी की शिकायत पर भुलत्थ थाना पुलिस ने अज्ञात लुटेरों के खिलाफ मामला दर्जकर तलाश शुरू कर दी है। थाना प्रभारी गौरव धीर ने कहा कि घटनास्थल से मिले सुराग के आधार पर लुटेरे जल्द उनकी गिरफ्त में होंगे।
पुलिस को दी शिकायत में पीड़ित व्यापारी हरभजन सिंह ने बताया कि वह किराना का थोक व्यापारी है। देर रात वह निक्की मियानी, भुलत्थ और बेगोवाल क्षेत्र से अपने दुकानदारों से सामान के पैसे वसूल कर वापस आ रहा था। अचानक जब वह गांव जवाहर नगर स्थित गुरुद्वारा साहिब के नजदीक पहुंचा तो दो बाइक सवार नकाबपोश लुटेरों ने दातर दिखाकर रोक लिया और डिग्गी में रखी नकदी व एक्टिवा लूट ली।
हरभजन सिंह ने बताया कि जब वह घटना के बाद भुलत्थ थाना में शिकायत दर्ज करवाने जा रहा थे तो घटनास्थल से 300 मीटर दूर सड़क किनारे उसकी एक्टिवा लावारिस हालत में मिली लेकिन डिग्गी से चार लाख 42 हजार की नकदी गायब थी। थाना भुलत्थ के प्रभारी गौरव धीर ने बताया कि शिकायतकर्ता हरभजन सिंह की शिकायत पर अज्ञात लुटेरों के खिलाफ लूट का मामला दर्जकर तलाश शुरू कर दी है। घटनास्थल से मिले कुछ सुराग के आधार पर उम्मीद है कि जल्द लुटेरों को काबू कर लिया जाएगा।