ठेके में घुस सेल्समैन पर हमला, 30 हजार रुपये व शराब लूटी
भट्टी रोड पर स्थित शराब ठेके में कार सवार चार लुटेरे घुसे और सेल्समैन दलबीर सिंह पर लोहे की रॉड से हमला कर घायल कर दिया। ठेके के गल्ले में पड़ी करीब 30 हजार रुपये की नकदी और शराब लूट ली। घटना की सूचना मिलने के बाद थाना सिविल लाइन पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी। वहीं घायल सेल्समैन को समाजसेवी संस्था नौजवान वेलफेयर सोसायटी के सदस्यों ने एंबुलेंस से तुरंत सिविल अस्पताल पहुंचाया। घायल सेल्समैन के बयान दर्जकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार सोमवार देर करीब 11 बजे स्थानीय भट्टी रोड पर स्थित एक शराब के ठेके में चार हथियारबंद कार सवार लुटेरे घुसे। उन्होंने ठेके के सेल्समैन पर रॉड से जानलेवा हमला किया और 30 हजार रुपये की नकदी व शराब लूट ली। घटना की सूचना मिलते ही सोसायटी के वालंटियर मौके पर पहुंचे और गोनियाना मंडी निवासी घायल दलबीर सिंह को तुरंत सिविल अस्पताल पहुंचाया।
घायल ने बताया कि हमलावर कार पर आए थे। एक के पास खिलौना रिवाल्वर भी थी। बाकी के हाथ में लोहे की रॉड और डंडे थे। उन्होंने ठेके के अंदर घुसते ही सिर पर लोहे की रॉड से हमलाकर उसे घायल कर दिया और वह लहूलुहान होकर गिर गया। इसके बाद लुटेरों ने गल्ले में पड़ी करीब 30 हजार रुपये की नकदी व कुछ शराब की बोतलें लूट लीं। मामले की जांच कर रही थाना सिविल लाइन पुलिस का कहना है कि घायल व्यक्ति के बयान दर्ज कर लिए हैं और लुटेरों की तलाश की जा रही है।