चंडीगढ़ में देर रात राहगीरों से लूटपाट की वारदात थमने का नाम नहीं ले रही हैं। दिसंबर से लेकर अब तक एक के बाद एक गन प्वाइंट पर लूट की कई वारदात हो चुकी हैं, लेकिन पुलिस अब तक इनमें से किसी का भी खुलासा करने में नाकाम साबित हुई है।
वीरवार रात कार सवार बदमाशों ने एक के बाद एक दो लोगों से गन प्वाइंट पर लूट की वारदात को अंजाम दे डाला। बदमाशों का कनेक्शन पिछले साल कैंबवाला में ओला कैब चालक से लूटी रिट्ज कार के लुटेरों से जुड़ रहा है। हालांकि पुलिस मामलों को दबाने के लिए लुटेरों के रिट्ज कार में होने से इंकार कर रही है। फिलहाल दोनों मामलों में थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पहले मामले में पीड़ित रघुविंदर कुमार ने बताया कि वह पत्नी और दो बच्चों के साथ रहता है। वह पीजीआई में प्लास्टिक सर्जरी डिपार्टमेंट में टेक्निशियन है। वीरवार को वह किसी काम से मोहाली सेक्टर-67 गया था। रात करीब 12:30 बजे वह बाइक से अकेला घर लौट रहा था। चंडीगढ़ के सेक्टर-14/15 चौक के पास पहुंचा तो रिट्ज कार में सवार तीन युवकों ने उसे रोक लिया। इसके बाद उन्होंने उसे गन दिखाते हुए उससे 10 हजार रुपये नकदी लूट ली। इसके बाद तीनों कार से फरार हो गए।
पीड़ित ने बताया कि कार सवारों ने ओवरटेक कर जबरन उसकी बाइक को डिवाइडर से दबा दिया। इससे वह बाइक समेत गिर गया। इस बीच तीन युवक कार से गन और तलवार लेकर बाहर निकले। यह सब देख वह डर गया और उसने भागने का प्रयास किया, लेकिन उन्होंने उसे पकड़कर जबरन कार में बैठा लिया। बदमाशों उसे थप्पड़ मारते हुए शहर में 15 मिनट तक घुमाते रहे। उन्होंने उसके पर्स में रखे 10 हजार रुपये और एटीएम कार्ड निकाल लिया। इसके बाद वह उसे पीजीआई के पास कार से उतार कर फरार हो गए।
गनप्वाइंट पर 11 दिसंबर को लूटी थी रिट्ज कार
- फोटो : डेमो फोटो
वारदात के बाद पीड़ित थोड़ी देर वहां डरा सा खड़ा रहा। इसी दौरान उसने वहां से गुजर रहे एक्टिवा सवार युवक से लिफ्ट ली। राहगीर के पूछे जाने पर पीड़ित ने उसको सारी आपबीती बताई। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस कंट्रोल रूम को दी गई। सेक्टर-11 थाना पुलिस ने मौके पर पहुंच पीड़ित से जानकारी ली और शिकायत के आधार पर अज्ञात के खिलाफ लूट का केस दर्ज किया।
दूसरे मामले में आरोपियों ने मोहाली स्थित बढ़माजरा निवासी रकम सिंह से लूट की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस को दी शिकायत में उसने बताया कि वह प्राइवेट जॉब करता है। वीरवार रात वह ड्यूटी से वापस बाइक से घर जा रहा था। जैसे ही वह सेक्टर-39/40 की विभाजित सड़क पर पहुंचा तो अचानक से एक रिट्ज कार में सवार तीन युवकों ने उसे रास्ते में रोक कर उस पर गन तान दी। गन प्वाइंट पर ही लुटेरे उससे 1500 रुपये की नकदी लेकर फरार हो गए। पीड़ित की शिकायत पर सेक्टर-39 थाना पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। वहीं थाना पुलिस से मामले की जानकारी ली गई तो पहले तो वह इसे छिपाने का प्रयास करती रही और बाद में इसे स्नैचिंग का मामला बताती रही।
गनप्वाइंट पर 11 दिसंबर को लूटी थी रिट्ज कार
11 दिसंबर की रात ओला कैब चालक पूरन सिंह से कैंबवाला में गन प्वाइंट पर कार लूटी गई थी। पीड़ित के अनुसार रात 10:30 बजे किसी ने सेक्टर-43 बस स्टैंड से कैंबवाला जाने के लिए ओला टैक्सी हायर की थी। वह कैंबवाला जंगल के पास पहुंचा तो अगली सीट पर बैठे युवक ने बहाने से कार को रुकवा कर गनप्वाइंट के दम पर उससे रिट्ज कार कैब लूट कर फरार हो गए थे।
- 25 दिसंबर को 48 वर्षीय पीड़ित जयराम ने पुलिस को शिकायत में बताया था कि वह एक्टिवा से सेक्टर-56 घर जा रहा था। रात करीब 12:30 बजे जब वह सेक्टर-44, 40 डिवाइडिंग रोड के पास के पास पहुंचा तो रिट्ज कार में सवार तीन युवकों ने उसे रोककर गनप्वाइंट पर जबरन कार में बैठा लिया और खन्ना ले जाकर अकाउंट से 10 हजार रुपये निकलवा कर उसे वहीं छोड़ फरार हो गए।
25 दिसंबर को सेक्टर-56 निवासी संजीव कुमार बाइक से घर जा रहा था। सेक्टर-23/23 स्थित लाइट प्वाइंट के पास पहुंचा तो रिट्ज कार में सवार युवकों ने उसकी कनपटी पर गन लगार जबरन उससे 10 हजार की नकदी, सोने की चेन लूट ली और फरार हो गए।