दर्जन के करीब हथियारबंद लुटेरों ने रविवार देर रात रत्तोवाल लिंक रोड पर स्थित शराब के ठेका पर काम करने वाले मुलाजिमों को बंदी बना ठेका लूट लिया। लुटेरों ने ठेके के गल्ले में पड़ी करीब 30 हजार की नगदी व शराब की बोतलों एवं बीयर की पेटियों पर भी हाथ साफ किया। ठेका लूटने से लुटेरों ने अहाते में भी जमकर तोड़फोड़ की।
ठेके पर काम करने वाले मुलाजिम फैजाबाद यूपी के रहने वाले सतिंदर सिंह, झंब टिल्ला हिमाचल प्रदेश के रहने वाले प्रकाश चंद ने बताया कि प्रधान ग्रुप के रत्तोवाल रोड़ स्थित ठेके पर रविवार की रात साढ़े 9 से 10 बजे के करीब 10 से 12 नौजवान अहाते में तोड़फोड़ करते हुए बाहर आ गए। उन्होंने ठेके का ताला खोलने को कहा। मना करने पर उन्होंने रॉड से ताला तोड़ दिया और अंदर घुस आए। लुटेरों ने उनकी गर्दन पर तलवारें रख गल्ले में पड़ा कैश लूट लिया और महंगे ब्रांड की कुछ बोतलें एवं बीयर की 2 पेटियां भी लूट कर ले गए।
अहाते में काम करने वाले नारायण, देव व आशीष ने बताया कि लुटेरे अपनी बाइक दूर खड़ी कर पैदल ही आए थे। दारु पीते हुए उन्होंने अहाते में ही तोड़फोड़ शुरू कर दी। वह तीनों डर कर भाग गए। लुटेरों ने सारा फर्नीचर तोड़ दिया। थाना सुधार के सब इंस्पेक्टर तिलक राज ने बताया कि उन्हें शिकायत मिल गई है। उन्होंने कुछ शकी लोगों के घरों में दबिश दी है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। एसएचओ छुट्टी पर है। जल्द ही लुटेरों की शनाख्त कर उन्हें पकड़ लिया जाएगा।