राष्ट्रीय युवा महोत्सव के दूसरे दिन एमडीयू के एलएलबी विभाग के छात्रों ने ड्यूटी कर रही महिला कांस्टेबल के साथ छेड़खानी कर दी। कानून के छात्रों पर अश्लील टिप्पणी करने का भी आरोप है।
पुलिस कर्मचारी की सतर्कता से दो युवकों को पुलिस ने दबोच लिया। महिला थाने में महिला कांस्टेबल की शिकायत पर दोनों युवकों पर छेड़छाड़ और सरकारी ड्यूटी में बाधा डालने का केस दर्ज किया गया है।
पुलिस को दी शिकायत में महिला कांस्टेबल ने बताया है कि वह फरीदाबाद के एक गांव की रहने वाली है। वर्तमान में उसकी ड्यूटी गुरुग्राम के एक थाने में है। युवा महोत्सव की वजह से उसकी ड्यूटी एमडीयू में लगाई गई है।
उसे अंडमान निकोबार के प्रतिनिधिमंडल की सुरक्षा में तैनात किया गया था। शुक्रवार शाम प्रतिनिधिमंडल को किसी कार्यक्रम में हिस्सा लेने जाना था। इस पर महिला कर्मचारी प्रतिनिधिमंडल की पार्किंग में खड़ी हो गई।
तभी चार युवक उधर पैदल आये। चारों ने महिला कर्मचारी के पास आते ही अश्लीलता शुरू कर दी। महिला कर्मचारी व पुलिस विभाग पर अभद्र टिप्पणी की। इस पर महिला कर्मचारी ने विरोध किया।