हादसे में मारी गई महिला और उसकी दो बेटियां
स्कूटी पर दो बेटियों को स्कूल छोड़ने जा रही मां को डंपर ने कुचल दिया। तीनों की मौके पर ही जान चली गई, वहीं हादसे के बार चालक फरार हो गया। हादसा हरियाणा के भिवानी में हुआ। स्कूटी काफी दूर तक डंपर के साथ घिसटती चली गई, जिससे तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। महिला बीडीसी के पूर्व चेयरमैन राजकुमार सारसर की पुत्रवधू और युवा कांग्रेसी नेता दीपेश की भाभी थीं।
पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल लाया गया। पुलिस ने बबीता के देवर दीपेश के बयान पर ट्रक चालक के खिलाफ लापरवाही से हादसा करने का केस दर्ज किया है। बाद में तीनों का गांव में अंतिम संस्कार किया गया। एएसआई मणिराम ने बताया कि डंपर चालक फरार है। दीपेश की शिकायत पर केस दर्ज किया गया है।
बता दें कि राज कुमार के बड़े बेटे दीपक को करीब डेढ़ साल पहले लकवे की शिकायत हो गई थी। ऐसे में परिवार की पूरी जिम्मेदारी बबीता के कंधों पर थी।