इटली का वीजा लगवाने का झांसा देकर विवाहिता को अपने साथ ले गया। फिर उसे डरा-धमकाकर पहले चंडीगढ़ और फिर पटियाला के एक गांव में दुष्कर्म किया। विवाहिता की शिकायत पर पुलिस ने जांच के बाद हरियाणा निवासी आरोपी युवक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। लेकिन अभी उसकी गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
अमर उजाला से बात करते हुए 26 साल की पीड़ित विवाहिता ने बताया कि उसका पति इटली गया हुआ है। किसी जान-पहचान के व्यक्ति ने आरोपी रमजोत सिंह (27) निवासी गांव कसौली थाना चीका जिला कैथल (हरियाणा) के बारे बताया कि वह कम पैसे लेकर उसका व उसके छह साल के बेटे का वीजा लगवा देगा।
इसलिए उसने रमजोत सिंह को अपने व बच्चे का पासपोर्ट, आधार कार्ड व अन्य कागजात वीजा लगाने के लिए दे दिए। इसी बीच वह 17 दिसंबर 2018 को पटियाला में थाना पसियाणा अधीन पड़ते गांव रंधावा में अपने रिश्तेदार के घर आई थी। उसी दिन आरोपी का फोन आया कि दो दिन में वीजा लग जाएगा, बस दो लाख रुपये उसके खाते में डलवा दो।
पीड़िता ने कुछ देर में ही आरोपी के खाते में दो लाख रुपये डलवा दिए। उसी दिन शाम को फिर से आरोपी का फोन आया कि वीजा के लिए कुछ जरूरी कागजों पर हस्ताक्षर करने पटियाला जाना है। पीड़िता कहे मुताबिक आरोपी की गाड़ी में चली गई।
पटियाला की बजाय कहीं और ले जा रहा था आरोपी
महिला ने देखा कि आरोपी उसे पटियाला नहीं कहीं और ले जा रहा है। विरोध करने पर आरोपी ने विवाहिता की कनपटी पर पिस्तौल रख दी और कहा कि अगर शोर मचाया वह पहले उसे व बाद में उसके लड़के को मार डालेगा। पीड़िता को आरोपी जबरन चंडीगढ़ एक होटल में ले गया और वहां उसके साथ दुष्कर्म किया।
पटियाला के पंजोला में मामा के घर किया रात भर दुष्कर्म
अगले दिन 18 दिसंबर 2018 को आरोपी उसे कैथल में अपने रिश्तेदारों के घर ले गया, जहां उसे धमकियां दी गईं। बाद में आरोपी उसे पटियाला के गांव पंजोला में अपने मामा के घर ले गया, जहां रात भर उसे एक कमरे में बंद करके दुष्कर्म किया। अगले दिन उसे छोड़ दिया।
उसने अपने साथ हुई वारदात की शिकायत पुलिस में दी। पहले थाना पसियाना पुलिस ने जीरो एफआईआर कर मामला चीका थाने भेज दिया था। लेकिन चीका पुलिस ने कहा कि वारदात वहां की है, तो कार्रवाई पसियाना पुलिस ही करेगी। इसलिए अब यहां पर्चा दर्ज हुआ है। फिलहाल मामले में आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।