इंदिरा कालोनी में कुछ लोगों ने एक युवक को चाकू से गोद दिया। इस युवक से कालोनी के ही एक व्यक्ति ने नौकरी लगवाने के नाम पर पैसे ले रखे थे। उसने न तो नौकरी लगवाई और न ही पैसे वापस किए। पैसे मांगने पर शुक्रवार को चाकुओं से हमला कर दिया।
इंदिरा कालोनी में मनोज से राममेहर ने नौकरी लगवाने के नाम पर 55 हजार रुपये ले रखे थे। मनोज इंदिरा कालोनी में कबाड़ी की दुकान करता है।
काफी समय से मनोज को राममेहर आश्वासन देता रहा कि उसकी जल्द ही नौकरी लग जाएगी, लेकिन उसकी नौकरी नहीं लगी। इसके बाद मनोज ने पैसे वापस मांगने शुरू कर दिए।
इससे तंग आकर शुक्रवार को राममेहर, कुलदीप और 15-20 लोगों ने इक्ट्ठे होकर मनोज को इंदिरा कालोनी के पास पकड़ लिया और जमकर पिटाई की।
इसी बीच कुलदीप ने उसे चाकू मार दिया। लोगों ने स्थानीय पुलिस को मामले की सूचना दी और मनोज को सामान्य अस्पताल सेक्टर-6 पहुंचाया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।