फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पंचकूला में बड़ी वारदात: सेवानिवृत्त कर्नल, उनकी पत्नी और नौकरानी पर चाकू से हमला, एक की अस्पताल में मौत

Wed, 06 Mar 2024 04:19 PM IST
ajay kumar न्यूज डेस्क, अमर उजाला, पंचकूला (पंजाब)

सार

पुलिस ने कर्नल की बेटी की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया है। पुलिस को माजरी के विजय की तलाश है। कर्नल आरके शर्मा बार-बार माजरी के विजय का नाम ले रहे थे। बताया जा रहा है कि पैसे के लेनदेन पर विजय के साथ विवाद हुआ था। वहीं ड्राइवर को भी पुलिस ने हिरासत में लिया है।
विज्ञापन
जांच करती पुलिस टीम। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

पंचकूला के सेक्टर-2 के मकान नंबर 164 में रिटायर्ड कर्नल, उनकी पत्नी और नौकरानी पर चाकू व धारदार हथियार से कुछ बदमाशों ने हमला कर खून से लहूलुहान कर दिया। मामले की सूचना मिलते ही कर्नल की बेटी और डायल 112 की टीम घटनास्थल पहुंची। वारदात के बाद कर्नल की बेटी मां को पंचकूला के सेक्टर-26 के निजी अस्पताल में लेकर पहुंची। जहां जांच के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत बता दिया। वहीं डायल 112 की टीम ने गंभीर रूप से घायल रिटायर्ड कर्नल और उसकी नौकरानी को सेक्टर-6 के नागरिक अस्पताल उपचार के लिए दाखिल कराया है।

विज्ञापन


कर्नल की हालत नाजुक देखते हुए उन्हें रेफर कर दिया गया। जिसके बाद परिजनों ने उन्हें पंचकूला के एक निजी अस्पताल में उपचार के लिए दाखिल कराया है। उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है। वहीं नौकरानी का उपचार अभी पंचकूला के नागरिक अस्पताल में ही चल रहा है। कर्नल के साथ उनकी बेटी रहती हैं, जो एक दंत चिकित्सक हैं लेकिन वह अंबाला काम पर गई थीं। जैसे ही उन्हें मामले की जानकारी मिली तो वह पंचकूला पहुंचीं। 

पुलिस ने कर्नल की बेटी अनुराधा शर्मा की शिकायत पर धारा 302, 307, 379बी और 34 के तहत सेक्टर 5 पुलिस थाना में हत्या और हत्या के प्रयास सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वारदात के दौरान घर के भीतर रिटायर्ड कर्नल आरके शर्मा (87), उनकी पत्नी सुशीला (86), नौकरानी राममूर्ति (60) और ड्राइवर प्रदीप बैठा था। घटना के बाद घायल कर्नल आरके शर्मा बार-बार माजरी के विजय का नाम ले रहे थे। पुलिस अब माजरी के विजय की तलाश कर रही है।

विज्ञापन

सीसीटीवी में दिखे चार लड़के, 30 मिनट तक घर में रुके

सीसीटीवी कैमरे की फुटेज के मुताबिक दोपहर 12:49 बजे पहले एक लड़का टोपी पहनकर घर में दाखिल होता दिखाई दिया। इसके बाद दो और लड़के चेहरे पर मास्क और सिर ढके घुसे। फुटेज के अनुसार आरोपी घर के भीतर 30 मिनट तक रहे। इस दौरान लूट और हत्या की वारदात को अंजाम दिया। दोपहर 1:19 बजे कैमरे में चार लड़के बाहर निकलते दिखे हैं।

जांच में अबतक 20 हजार की लूट सामने आई

सेक्टर-2 में लूट और हत्या की सूचना पुलिस को दोपहर करीब 1:30 बजे मिली। मौके पर पुलिस कमिश्नर, डीसीपी, एसीपी क्राइम, सीआईए की दोनों टीमें और फॉरेंसिक की टीम भी पहुंची। फॉरेंसिक टीम ने मौके से सैंपल लिए और टेस्ट के लिए लैब भेज दिए हैं। वहीं पुलिस जांच में अब तक सामने आया है कि घर से 20 हजार रुपये की लूट हुई है। घर में रखी ज्वेलरी मौजूद है। बाकी घायलों की हालात ठीक होने के बाद ही अधिक ब्योरा मिलेगा। जिस घर में बुजुर्ग दंपती बैठे थे, उस घर की अलमारी खुली थी और सामान खुर्दबुर्द था।
विज्ञापन

नौकरानी ने कहा- विजय ने किया हमला

नागरिक अस्पताल में दाखिल नौकरानी राममूर्ति ने बताया कि घर में वह, कर्नल, उनकी पत्नी और कुछ दिन से काम कर रहा ड्राइवर प्रदीप थे। सबसे पहले विजय नाम का युवक घर के भीतर आया। विजय पहले घर में काम करता था लेकिन उसे कुछ समय पहले निकाल दिया गया था। विजय ने साहब व मेम साहब के साथ पैसों की लेनदेन को लेकर बहस की और इसके बाद दोनों लड़कों को फोन कर बुलाया। उन लड़कों ने सबसे पहले उसके सिर पर किसी हथियार से वार कर घायल कर दिया। इसके बाद साहब और मेम साहब की गर्दन पर धारदार हथियार से वार कर फरार हो गए। वहीं घायल कर्नल आरके शर्मा बार-बार माजरी के विजय का नाम ले रहे थे। वह पुलिस के सामने एक ही बात बार-बार बोल रहे थे कि माजरी का विजय आया था। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है।

ड्राइवर बोला- पिस्तौल तान रखा था, फुटेज में ऐसा कुछ भी नहीं

कर्नल के ड्राइवर प्रदीप से पुलिस ने पूछताछ की तो उसने बताया कि लुटेरों ने उसके ऊपर पिस्तौल तान रखी थी। इस कारण डर के चलते वह चुपचाप था। लुटेरे जाते समय उसे पिस्तौल के बल पर कालका-जीरकपुर हाईवे के पास पीर की दरगाह के पास छोड़कर चले गए। जब पुलिस ने घर के सीसीटीवी कैमरे को चेक किए तो पाया कि आरोपी के साथ प्रदीप आराम से घर के बाहर निकल रहा है और उसके ऊपर किसी भी लुटेरे ने पिस्तौल की नहीं लगाई थी। ऐसे में प्रदीप को पुलिस हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
 
चाकू से कर्नल और उनकी पत्नी पर अपराधियों ने हमला किया था। उनकी नौकरानी के सिर पर किसी हथियार से वार किया गया है। कर्नल की पत्नी की अस्पताल में मौत हो चुकी है। कर्नल की हालत गंभीर है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य सबूतों के आधार पर आरोपियों को पकड़ने के लिए अलग-अलग टीमें जुटी हैं। - सिबास कबिराज, पुलिस कमिश्नर।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें