देहरादून से दो भाइयों में से एक की हत्या कर दूसरे को किडनैप कर लाखों रुपये फिरौती मांग रहे आरोपियों को काबू करने जब जीरकपुर पुलिस ने देहरादून पुलिस के साथ घेराबंदी की तो दोनों ओर से फायरिंग हुई।
इस दौरान पुलिस ने एक आरोपी को तो काबू कर लिया जबकि दूसरा फरार हो गया। काबू किये गए आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने ग्रुप हाउसिंग जीएस 107 फ्लैट 504 पंचकूला 20 सेक्टर के एक फ्लैट में से किडनैप किये 18 वर्षीय चिराग को सही सलामत छुड़ाया तथा उनको उनके माता पिता के हवाले किया।
जीरकपुर थाना प्रभारी दीपइंद्र सिंह ने बताया कि देहरादून पुलिस ने उनके साथ संपर्क कर बताया कि देहरादून से एक बिजनेमैन के दो लड़कों को किडनैप किया गया था तथा जब एक लड़के से किनडैप करने वालों की पहचान की तो आरोपियों ने एक लड़के की हत्या कर दूसरे को किडनैप कर जीरकपुर की ओर लेकर आए हैं।
लड़के के परिवार से आरोपियों ने पांच लाख रुपये की फिरौती मांगी है। यह पैसे देने के लिए उन्होंने जीरकपुर में उनको पैसे लेकर बुलाया है। इस जानकारी के बाद जीरकपुर व देहरादून पुलिस ने आरोपियों की घेराबंदी शुरू की तथा एक सफेद रंग की स्कार्पियो गाड़ी में सवार आरोपियों को जब पुलिस ने घेर लिया तो गाड़ी से पुलिस पर फायरिंग हुई।
पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की तथा गाड़ी में सवार एक आरोपी को काबू कर लिया लेकिन दूसरा गाड़ी लेकर फरार होने में कामयाब हो गया।
काबू किये आरोपी की पहचान सोनू सैनी के रुप में हुई। थाना प्रभारी ने बताया कि काबू किये आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने पंचकूला के एक फ्लैट से किडनैप किये 18 साल के चिराग लड़के को कब्जे से छुड़ा लिया है।