समाना में मंदिर जा रही नवविवाहिता को अगवा कर गैंगरेप का मामला सामने आया है। युवती घर से पैदल ही मंदिर जा रही थी कि रास्ते में चार युवकों ने जबरन कार में खींच लिया। पुलिस ने पीड़िता के बयान पर चार युवकों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। फिलहाल सभी आरोपी गिरफ्त से बाहर हैं।
मामले के जांच अधिकारी सिटी समाना थाने से एएसआई सुरजन सिंह ने बताया कि 20 साल की पीड़ित युवती ने बयान दिया है कि 23 दिसंबर, 2016 को वह घर से पैदल मंदिर जा रही थी। रास्ते में आरोपी मनदीप, विक्की, हैरी व एक अन्य युवक निवासी गांव राजला (समाना) एक कार में आए और उस अपनी कार में अगवा करके ले गए। युवती का आरोप है कि युवकों ने उसे कोई नशीली चीज सुंघा कर बेहोश कर दिया और फिर किसी अज्ञात जगह पर ले जाकर गैंगरेप किया।
होश आने पर वह किसी तरह अपने घर पहुंची। लोकलाज के डर से वह चुप रही लेकिन मंगलवार को हिम्मत करके उसने पुलिस के पास बयान दिया। लिए पुलिस के पास बयान दिया है। पुलिस ने इस बयान के आधार पर चारों युवकों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। खबर लिखे जाने तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी थी। वारदात से करीब एक माह पहले ही पीड़िता की शादी हुई थी।