पहली बार स्कूल जा रहे 4 साल के बच्चे को कुत्ते ने काटा
- फोटो : अमर उजाला
शहर में लावारिस कुत्तों की तादाद लगातार बढ़ रही है। यह अक्सर रेलवे रोड, गांधी चौक सहित अन्य स्थानों पर झुंड में खड़े हुए देखे जा सकते हैं, जोकि राहगीरों व वाहन चालकों को दौड़ा लेते हैं।
मंगलवार सुबह एक लावारिस कुत्ते ने पहली बार स्कूल जा रहे बच्चे को काट लिया। कुराड़ी मोहल्ला निवासी संदीप गुप्ता ने बताया कि उनका चार वर्षीय बेटा गर्व अपनी मम्मी के साथ पहली बार फ्रेंडस कालोनी स्थित एक निजी स्कूल में पढ़ने जा रहा था।
उन्होंने बताया कि रास्ते से गुजरते वक्त एक लावारिस कुत्ते ने उसकी बाजू पर काट लिया। आनन-फानन में राहगीरों की सहायता से कुत्ते को भगाया गया। इसके बाद बच्चे को कालका के सरकारी अस्पताल में ले जाया गया। लेकिन, अस्पताल में वैक्सीन नहीं मिली। जिसे बाजार से तीन सौ रुपये का लाकर लगवाया गया।
उन्होंने बताया कि बच्चे को अस्पताल प्रशासन ने सेक्टर-6 पंचकूला रेफर कर दिया गया, वह उसे कसौली अस्पताल में ले गए। बच्चे के अभिभावकों ने प्रशासन से गुहार लगाई है कि कालका अस्पताल में सभी दवाएं उपलब्ध करवाई जाएं। साथ ही स्ट्रे डॉग्स पर नकेल कसी जाए। उधर, कुराड़ी मोहल्ला के समाजसेवी सुनील कुमार श्याम ने कहा कि स्टे डॉग्स पर नकेल कसने के लिए विशेष अभियान चलाने की मांग की जाएगी।