लवली ऑटोज में गोली लगने से गंभीर हालत में सत्यम अस्पताल में उपचाराधीन युवती सीमा उर्फ सिम्मी जिंदगी की जंग हार गई है। गुरुवार को उसने दम तोड़ दिया। सिर में गोली लगने के कारण सीमा कोमा में थी और उसका इलाज चल रहा था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
सत्यम अस्पताल के डॉ. राजेश पसरीचा के मुताबिक सीमा को दो गोलियां लगी थीं। एक सिर में और दूसरी दाईं बाजू पर। सिर में पास गोली मारी गई थी। लेकिन यह साफ नहीं हो पा रहा था कि सिर में गोली लगी है या नहीं। अस्पताल ने जांच की तो पता चला कि सिर में भी गोली है और उसके छर्रे चारों तरफ फैलने से दिमाग की नाड़ियों को नुकसान पहुंचा है।
जिक्रयोग है कि तीन दिन पहले मनप्रीत नामक युवक ने नकोदर चौक स्थित लवली ऑटोज में घुसकर एक महिला कर्मचारी को गोलियां मार दी थी। बाद में खुद को भी गोली मारकर सुसाइड कर लिया था। पुलिस को मनप्रीत की जेब से एक सुसाइड नोट भी मिला था। बताया जा रहा है कि वह सीमा से शादी करना चाहता था पर दोनों के घरवाले राजी नहीं थे।
अभी साफ नहीं है कि मनप्रीत एक तरफा प्यार करता था या दोनों में ब्रेकअप हो गया था, जिससे मनप्रीत परेशान था। रिवाल्वर भी मनप्रीत की नहीं थी और वह एक महिला के नाम पर थी, जो गन हाउस में जमा की गई थी। रिवाल्वर मनप्रीत के पास कैसे पहुंचा, इसकी जांच की जा रही है।