पटियाला-संगरूर रोड पर पसियाना पुल के पास बुधवार को देर शाम एक इनोवा कार भाखड़ा नहर में गिर गई। इस हादसे में इनोवा में सवार करीब सात लोगों के डूबने की आशंका जताई जा रही है। खबर लिखे जाने तक पुलिस की ओर से गोताखोरों की मदद से तलाशी अभियान चलाया जा रहा था। अभी तक किसी के बारे में कुछ नहीं पता चल पाया था।
जांच अधिकारी पसियाना थाने के एएसआई दलजीत सिंह ने बताया कि बुधवार देर शाम करीब सात बजे एक इनोवा कार पटियाला से संगरूर की तरफ जा रही थी, जो पसियाना पुल के पास भाखड़ा नहर में गिर गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कार की स्पीड काफी तेज थी। पसियाना पुल के नजदीक इनोवा चालक का संतुलन अचानक बिगड़ गया और कार सीधे जाकर नहर में गिर गई। इस कार में करीब सात लोग सवार होने की बात सामने आ रही है जिनके हादसे में डूबने का अंदेशा जताया जा रहा है।
खबर लिखे जाने तक पुलिस ने गोताखोरों की मदद से पसियाना के नजदीक भाखड़ा नहर में तलाशी अभियान चला रखा था। लेकिन अभी तक किसी के बारे में कुछ नहीं पता लग पाया था। पुलिस के मुताबिक कार के मिलने पर ही नहर में गिरे लोगों के बारे में कुछ पता लग पाएगा।