शादी का झांसा देकर नाबालिग से बार-बार दुराचार करने का मामला सामने आया है। जब नाबालिग ने विरोध किया, तो उसे जान से मारने की धमकियां दीं। संबंधित सिविल लाइन थाना पुलिस ने दो भाइयों के खिलाफ बहला-फुसला कर ले जाने, दुराचार, धमकियां देने के आरोप में केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक 16 साल की नाबालिग से आरोपी कर्मजीत सिंह निवासी सुंदर बस्ती संगरूर ने बहला-फुसला कर दोस्ती कर ली। जब नाबालिग की मां उसे पटियाला में नानी के पास कंप्यूटर कोर्स करने के लिए छोड़ गई, तो 30 जनवरी 2014 को पटियाला में आरोपी ने अपने भाई रणजीत सिंह को भेजा जो उसे संगरूर ले गया। जहां पर कर्मजीत सिंह ने नाबालिग को शादी का झांसा देकर उसके साथ दुराचार किया।
बाद में समय-समय पर पटियाला आकर भी आरोपी कर्मजीत सिंह ने नाबालिग के साथ दुराचार किया। बाद में आरोपी की सच्चाई पता लगने पर जब नाबालिग ने विरोध किया, तो उसने लड़की को जान से मारने की धमकियां दीं। परेशान नाबालिग अपने माता-पिता के जरिये पुलिस तक पहुंची।
उसके बयान पर पुलिस ने मुख्य आरोपी कर्मजीत सिंह समेत उसके भाई पर भी विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। अभी मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।