डेरा सच्चा सौदा में साधुओं को नपुंसक बनाने के मामले में डेरा प्रमुख गुरमीत राम रहीम के खिलाफ केस दर्ज करने बाद वीरवार को सीबीआई ने जांच शुरू कर दी है। सीबीआई की एसआईसी टू की चार सदस्यीय टीम ने हरियाणा के सिरसा में डेरे के बाहरी स्थानों का जायजा लिया।
जानकारी के अनुसार सीबीआई टीम सुबह करीब पौने 12 बजे सिरसा पहुंची। शहर की एक धर्मशाला में गाड़ी खड़ी कर इंस्पेक्टर रैंक के एक अधिकारी के नेतृत्व में आई टीम ने बेगू रोड से ऑटो पकड़ा। दो सदस्य पहले रवाना हुए और फिर दस मिनट बाद गोल डिग्गी से दूसरे सदस्य ऑटो से डेरा सच्चा सौदा के छोटे डेरे पहुंचे।
सीबीआई ने सबसे पहले सच मार्केट का जायजा लिया। मार्केट का बाहरी जायजा लेने के बाद सीबीआई टीम ने छोटे डेरा व उसके साथ खुला डेरा सच्चा सौदा द्वारा संचालित शिक्षण संस्थान देखा।
करीब आधा घंटा यहां बिताने के बाद टीम यहां से टेंपों में सवार होकर नए डेरे के लिए रवाना हो गई। सीबीआई की टीम डेरा सच्चा सौदा के अंदर नहीं गई। काफी घंटे डेरा के आसपास घूमने के बाद टीम साढे़ तीन बजे वापस धर्मशाला पहुंची और गाड़ी में सवार होकर नए बस अड्डे से आगे चली गई।