फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

ब्लॉक अफसर के बाद 'आप' विधायक पर माइनिंग माफिया का हमला, बुरी तरह पीटा, हालत गंभीर

Fri, 22 Jun 2018 09:51 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, चंडीगढ़
विज्ञापन
अमरजीत सिंह संदोआ
विज्ञापन
आम आदमी पार्टी के विधायक अमरजीत सिंह संदोआ पर वीरवार को नूरपुरबेदी की बेइहारा खड्ड में अवैध माइनिंग करने वालों ने हमला बोल दिया। आरोपियों ने विधायक संदोआ के साथ हाथापाई की और उन्हें पत्थर मारे। उनकी पगड़ी भी उतार दी गई। उनके पीए की भी डंडों से पिटाई की गई। जान बचाने के लिए विधायक काफी दूर तक खड्ड में भागे। गंभीर हालत में विधायक को श्री आनंदपुर साहिब के सरकारी अस्पताल में ले जाया गया, जहां से उन्हें सीने में दर्द की शिकायत के कारण पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया। वे फिलहाल पीजीआई में भर्ती हैं।
विज्ञापन


हमले में विधायक का गनमैन हेड कांस्टेबल सुखदीप सिंह भी घायल हो गया है। पुलिस ने इरादा-ए-कत्ल का मामला दर्ज कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है जबकि दो फरार हैं। विधायक संदोआ जिले में अवैध माइनिंग का मुद्दा काफी समय से उठा रहे हैं। वे जिला प्रशासन पर भी अवैध माइनिंग का कारोबार बंद न करवाने के आरोप लगा चुके हैं। वीरवार को उन्होंने कुछ मीडियाकर्मियों को साथ लिया और नूरपुरबेदी के गांव बेइहारा पहुंच गए। विधायक ने यहां हो रही माइनिंग को अवैध बताया। विधायक को देखकर मौके से पोकलेन मशीनें और टिप्पर गायब होने शुरू हो गए।

इसके बाद जब विधायक मीडिया से बात कर रहे थे तो अचानक कुछ लोगों ने उनके साथ गाली गलौज करना शुरू कर दिया। एक ने विधायक से हाथापाई शुरू कर दी और उनकी पगड़ी उतार दी। इस दौरान संदोआ गिर गए। एक व्यक्ति ने उनकी छाती पर पत्थर मारा। विधायक के साथ तैनात दो सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें बचाने की कोशिश की लेकिन हमला करने वालों ने उन्हें भी पीटा। इस दौरान विधायक के गनमैन सुखदीप सिंह की पगड़ी उतार दी गई।
विज्ञापन


विधायक ने बताया कि उन पर हमला करने वाले बेइहारा गांव के अजविंदर सिंह, बचित्र सिंह और उनके रिश्तेदार हैं। पुलिस ने अजविंदर सिंह के तीन रिश्तेदारों जसविंदर सिंह गोल्डी, मनजीत सिंह और अमरजीत सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। उनके पास से एक एसयूवी गाड़ी और 12 बोर की 2 बंदूकें भी बरामद की गई हैं। आरोपी अजविंदर और बचित्र सिंह फिलहाल फरार हैं।

कैप्टन ने डीसी से मांगी रिपोर्ट
पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने आप विधायक पर हमले के मामले को गंभीरता से लेते हुए रूपनगर के डिप्टी कमिश्नर से विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। विधायक की सुरक्षा में नाकाम रहे उनके दो पीएसओ को पुलिस लाइन में ट्रांसफर कर दिया गया है। मुख्यमंत्री ने इस समूचे घटनाक्रम में पीएसओ की भूमिका की जांच करने के डीजीपी को निर्देश दिए। इसके अलावा उन्हें फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने को कहा है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि किसी भी हालत में राज्य में अराजकता को सहन नहीं किया जाएगा।
विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें