एक बुजुर्ग ने तेजधार हथियार से पहले अपनी पत्नी की हत्या कर दी और बाद में आत्महत्या कर ली। घटना पंजाब के फरीदकोट में स्थानीय फिरोजपुर रोड स्थित सुंदर नगर की है। मृतकों की पहचान बलदेव सिंह और उसकी पत्नी गुरदेव कौर के रूप में हुई। थाना कोतवाली पुलिस ने मृतक की पुत्रवधू के बयान पर मृतक बलदेव सिंह के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया है।
सूत्रों के अनुसार पुलिस को घटनास्थल से मृतक बलदेव सिंह का एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है जिसमें उसने इस घटनाक्रम के लिए दो लोगों को जिम्मेदार ठहराया है जिसके संबंध में पुलिस पड़ताल कर रही है। पुलिस को दिए ब्यान में स्थानीय गुरु तेग बहादुर नगर निवासी परमजीत कौर पत्नी लखवीर सिंह ने बताया कि उसका ससुर बलदेव सिंह व सास गुरदेव कौर पिछले तीन साल से सुंदर नगर स्थित अपने मकान में उनसे अलग रह रहे थे।
मकान के निचले हिस्से में उसकी बहन छिंदरपाल कौर अपने बच्चों के साथ रहती है। वीरवार सुबह करीब 7 बजे उसके ससुर ने उसे फोन करके बताया कि उन्होंने उसकी सास की हत्या कर दी। फोन सुनने के बाद परमजीत कौर ने इसकी जानकारी अपने बेटे गुरजीत सिंह और पति लखवीर सिंह को दी। उसके बेटे ने उसी मकान में रहती अपनी मौसी के बेटे सतनाम सिंह को फोन किया जिसने ऊपर वाले हिस्से में जाकर देखा। वह भी तुरन्त घर पहुंचे तो पाया कि उसकी सास खून से लथपथ बैड पर पड़ी थी जबकि ससुर पंखे से फंदे पर लटका था।
परमजीत कौर का आरोप है कि उसके ससुर बलदेव सिंह ने किसी तेजधार हथियार से उसकी सास गुरदेव कौर की हत्या करके बाद में आत्महत्या कर ली। थाना कोतवाली प्रभारी इंस्पेक्टर राजेश कुमार ने बताया कि फिलहाल पुलिस ने मृतक बलदेव सिंह के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया है। बलदेव सिंह के सुसाइड नोट की पड़ताल की जा रही है और यदि पड़ताल में कोई सच्चाई सामने आई तो उसमें उल्लेखित व्यक्तियों को आत्महत्या के मजबूर करने की धारा के तहत नामजद किया जाएगा।