लुधियाना के गांव मंगली टांडा में पत्नी के साथ चल रहे विवाद के बाद एक व्यक्ति ने घर में घुसकर बहु और बच्चों को कमरे में बंद कर दिया और उसके बाद पत्नी सुरिंदर कौर (60) के सिर पर लाठी मार उसे बुरी तरह से घायल कर दिया। उसे पास के निजी अस्पताल में दाखिल कराया, जहां उसकी मौत हो गई।
सूचना मिलने के बाद पुलिस के उच्चाधिकारी और थाना मेहरबान की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने इस मामले में मृतक सुरिंदर कौर के बेटे गुरदीप सिंह की शिकायत पर उसके पिता बुलंद सिंह के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के हवाले कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
गुरदीप सिंह द्वारा पुलिस के पास दर्ज कराई गई शिकायत के मुताबिक उसकी गांव में ही जमीन है और वह खेतीबाड़ी करता है। उसका पिता अक्सर ही शराब पीता था और शराब पीने को लेकर मां सुरिंदर कौर के साथ झगड़ा होता था। पिछले काफी समय से बुलंद सिंह अपने भाई के पास रहता था, जबकि सुरिंदर कौर अपने बेटे गुरदीप सिंह के पास रहती थी। दोनों में कई बार झगड़ा हुआ था लेकिन हर बार कोई न कोई सुलह करा देता था।
गुरुवार को सुरिंदर कौर कमरे में बैठी थी, जबकि गुरदीप काम के सिलसिले से बाहर गया था। गुरदीप की पत्नी कमरे में बच्चों के साथ बैठी थी। इसी दौरान आरोपी घर में घुस गया। उसने गुरदीप की पत्नी और बच्चों को कमरे में बंद कर दिया और खुद सुरिंदर कौर के कमरे में चला गया। वहां उसने लाठियों से पीट-पीटकर उसे बुरी तरह से घायल कर दिया और फरार हो गया।
किसी तरह से परिवार वालों ने सुरिंदर कौर को इलाज के लिए पास के निजी अस्पताल में दाखिल कराया। जहां करीब एक से डेढ़ घंटे बाद उसकी मौत हो गई। थाना मेहरबान की एसएचओ सिमरनजीत कौर ने कहा कि आरोपी की तलाश में उसके ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। जल्दी ही उसे काबू कर लिया जाएगा।