एचएसएससी की क्लर्क परीक्षा का पर्चा लीक
चाक-चौबंद इंतजामों के बीच हुई हरियाणा स्टाफ सिलेक्शन कमीशन (एचएसएससी) की क्लर्क परीक्षा का पर्चा रविवार को लीक हो गया। सायंकालीन सत्र की परीक्षा के दौरान शहर के एक निजी स्कूल स्थित केंद्र में एक परीक्षार्थी को आंसर-की के साथ पकड़ा गया। तीन घंटे की जांच के बाद आंसर-की को सही पाया गया। अभी यह साफ नहीं हो पाया कि परीक्षा केंद्र के भीतर आंसर-की कैसे पहुंची। शुरुआती जांच में सामने आया है कि फर्जी फ्लाइंग (सुपरवाइजर) बनकर आए व्यक्ति ने जींद जिले निवासी परीक्षार्थी तक आंसर-की पहुंचाई। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाल रही है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हरियाण कर्मचारी चयन आयोग की क्लर्क पद के लिए रविवार को सायंकालीन सत्र में ढाई बजे शुरू हुई परीक्षा के दौरान भिवानी पब्लिक स्कूल में बने परीक्षा केंद्र पर महिला सुपरवाइजर ने एक परीक्षार्थी को आंसर-की के साथ पकड़ा। सूचना मिलते ही एसडीएम सतपाल सिंह, डीएसपी, तहसीलदार, सिविल लाइन थाना प्रभारी स्कूल पहुंचे। युवक के कब्जे से बरामद आंसर-की का मिलान शुरू किया गया। करीब तीन घंटे की जांच के बाद आंसर-की को सौ फीसदी सही पाया गया। इसके बाद पकड़े गए युवक को सिविल लाइन थाने के हवाले किया गया।
सिविल लाइन थाना प्रभारी संजय बिश्नोई ने बताया कि जींद जिले की तहसील नरवाना के गांव घोघड़िया वासी नरेंद्र को एचएसएससी परीक्षा की आंसर-की के साथ पकड़ा गया है। उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। जांच की जा रही है। पूछताछ में वह अभी इतना ही बता रहा है कि उसे बाहर से कोई देकर गया है। अभी उसने किसी का नाम नहीं बताया है।
फ्लाइंग में आया व्यक्ति दे गया आंसर की
एचएसएससी परीक्षा का पर्चा लीक होने के मामले की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि फ्लाइंग स्टाफ सदस्य बनकर आया व्यक्ति परीक्षा केंद्र में बिना किसी रोक-टोक के घुसा और परीक्षार्थी को आंसर-की दे गया। चूंकि उसने गले में आई कार्ड लटका रखा था तो किसी सिक्योरिटी कर्मचारी या पुलिस ने भी नहीं रोका। पुलिस इस बात की तस्दीक के लिए सीसीटीवी कैमरों को खंगाल रही है।