फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

केयर टेकर को बंधक बना बाल सुधार गृह से भागे छह कैदी

Sun, 22 Jun 2014 10:31 PM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, लुधियाना
विज्ञापन
विज्ञापन
लुधियाना में पानी लेने के बहाने केयर टेकर को अंदर बुला कर उसे बंधक बनाकर बाल सुधार गृह से छह विचाराधीन कैदी दीवार फांद कर फरार हो गए। अन्य बंधकों ने दोनों मुलाजिमों को खोला।
विज्ञापन


सुधार गृह के बाहर तैनात गार्द जब तक अंदर पहुंचता, तब तक सभी आरोपी फरार हो चुके थे। सभी आरोपी हत्या, हत्या के प्रयास जैसे अपराध में शामिल है और पिछले काफी समय से बाल सुधार गृह में बंद थे।

सूचना मिलने के बाद पुलिस के आलाधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों घायलों को सिविल अस्पताल दाखिल कराया। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
विज्ञापन

पानी मांगने के बहाने बुलाया था केयर टेकर को अंदर

थाना डाबा में तैनात एएसआई निर्भय सिंह ने कहा कि बाल सुधार गृह के अंदर पुलिस मुलाजिम तैनात नहीं होते। सुधार गृह के बाहर गार्द को तैनात किया जाता है। सुधार गृह में बंद आरोपियों के लिए राज कुमार और रोल्दू राम को केयर टेकर के तौर पर रखा हुआ था।

रोल्दू राम शनिवार को ही ड्यूटी पर आया था। शनिवार देर रात आरोपियों ने राज कुमार से पानी की मांग की। जब वह पानी देने के लिए गया तो आरोपियों ने उसे काबू कर लिया और उसे मारपीट कर कुर्सी के साथ बांध दिया और नीचे उतर आए।

राजकुमार ने शोर मचा दिया। जिसके बाद रोल्दू राम उसके पास जाने लगा तो आरोपियों ने उसे भी मारपीट कर बंधक बना दिया और उसकी जेब में रखी चाबी निकाल ली। आरोपियों ने राज कुमार के मुंह पर पट्टी बांधी और दीवार के साथ बेड को लगाकर उसके सहारे दीवार फांद कर फरार हो गए।

पहले भी फरार होने की कोशिश कर चुके हैं आरोपी

राज कुमार ने किसी तरह अपने मुंह पर से पट्टी हटाई और शोर मचा दिया। सुधार गृह में बंद अन्य आरोपियों ने उसे खोला और सूचना बाहर तैनात गार्द को दी। गार्द ने अंदर जाकर देखा तब तक सभी आरोपी फरार हो चुके थे।

एएसआई निर्भय सिंह ने कहा कि जब कंट्रोल रूम को इसकी सूचना मिली तो पुलिस ने तुरंत पूरे इलाके को सील कर आरोपियों की तलाश की, लेकिन आरोपी नहीं मिले। निर्भय सिंह ने कहा कि पुलिस पार्टियों ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए उनके घरों पर भी छापामारी की थी, लेकिन कोई भी अभी तक घर नहीं पहुंचा।

बाल सुधार गृह से पहले भी तीन आरोपी फरार होने की कोशिश कर चुके हैं। वह सामने की दीवार से फरार होने लगे थे, लेकिन बाहर तैनात गार्ड और अंदर ड्यूटी दे रहे मुलाजिम की होशियारी से उन्हें काबू कर लिया गया था।

शनिवार को भी आरोपी जब फरार होने लगे तो वह पीछे की दीवार फांद कर फरार हुए, क्योंकि आगे की दीवार वह फांदते तो आरोपी बाहर तैनात गार्ड के हाथ आ सकते थे।
विज्ञापन

यह है सभी आरोपियों का बायोडाटा

- धर्मेंद्र सिंह के खिलाफ बठिंडा के मौड़ थाने में हत्या और हत्या के प्रयास का मामला दर्ज है। वह पिछले करीब डेढ़ वर्ष से सुधार गृह में बंद था।
- लवदीप सिंह के खिलाफ मानसा के थाना सदर में हत्या का मामला दर्ज है। आरोपी अगस्त 2013 से सुधार गृह में बंद था।
- गुरप्रीत सिंह के खिलाफ फिरोजपुर में तस्करी का मामला दर्ज था। आरोपी करीब दो साल से सुधार गृह में बंद था।
- बीर इंद्र सिंह के खिलाफ मानसा के थाने में हत्या और गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज है। आरोपी जुलाई 2013 से सुधार गृह में बंद है।
- तरसेम सिंह के खिलाफ बरनाला के तपा थाने में हत्या के प्रयास का मामला दर्ज है। आरोपी फरवरी 2013 से सुधार गृह में बंद है।
- गुरविंदर सिंह के खिलाफ थाना भदौड़ में दुराचार का मामला दर्ज है। आरोपी अक्तूबर 2012 से सुधार गृह में बंद है।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें