पंजाब के होशियारपुर जिले के गांव डल्लेवाल के 23 वर्षीय युवक की हिमाचल प्रदेश की सीमा में सिर पर पत्थर मारकर हत्या कर दी गई। नंबरदार हरबंस लाल ने बताया कि रजिंद्र कुमार उर्फ रवि पुत्र नसीब चंद (23) को गुरुवार दोपहर गांव डल्लेवाल के ही गगनदीप व ननिहाल में रहने वाले विशाल कुमार अपने साथ बाइक पर लेकर गए थे। उन्होंने जाते हुए बाइक में अड्डा झुगियां में पंप पर पेट्रोल डलवाया। वहां गांव की महिला ने उनसे पूछा तो उन्होंने कहा कि वे क्रैशर पर जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि जब परिवार वालों ने रजिंद्र कुमार उर्फ रवि को मोबाइल पर फोन किया तो मोबाइल स्विच ऑफ आने लगा। जब देर शाम तक वह वापस नहीं आया तो उसकी तलाश शुरू की और पुलिस को भी सूचित किया। सुबह गांव के लड़के ढूंढते रहे थे तो उन्हें बाइक खड़ी मिली तो लड़कों ने जंगल में जाकर देखा तो वहां पर रजिंद्र कुमार उर्फ रवि का शव पड़ा था।
इसके बाद पंजाब पुलिस पहुंची और हत्या वाली जगह हिमाचल प्रदेश में होने के कारण पुलिस ने हिमाचल प्रदेश पुलिस को सूचित किया। इसके बाद हत्या वाली जगह पर हिमाचल पुलिस के अधिकारियों ने पूरे मामले की जांच और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक बाइक पर जो युवक रजिंद्र कुमार को लेकर गए थे, वह गुरुवार से गायब हैं और दोनों के मोबाइल बंद आ रहे हैं।