चंडीगढ़-अंबाला मुख्य मार्ग पर गांव झारमड़ी में सेल्स टैक्स बैरियर के पास रविवार सुबह एक कार हाईवे पर खड़े कैंटर से जा टकराई। हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। कार सवार पांचों दोस्त गुड़गांव से शिमला छुट्टिया मनाने जा रहे थे। कैंटर चालक मौके से भाग गया।
जानकारी के अनुसार, आशीष(19) निवासी सुकराली (गुडगांव) दोस्त संचित कटारिया (19) निवासी गुड़गांव, लव शर्मा, संजय कुमार और सतबीर सिंह निवासी गुड़गांव के साथ कॉलेज की छुट्टियां होने के चलते शिमला घूमने जा रहे थे। जैसे ही कार रविवार सुबह करीब चार बजे सेल्स टैक्स बैरियर पर पहुंची तो वहां खड़े कैंटर से कार जा टकराई।
हादसे में संचित कुमार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आशीष की अस्पताल ले जाते हुए मौत हो ई। वहीं, तीन अन्य घायलों का उपचार डेराबस्सी के सिविल अस्पताल में चल रहा है। आशीष और संचित के शवों के पोस्टमार्टम के बाद उनके परिजनों के हवाले कर दिए गए।
पुलिस ने कैंटर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हादसा इतना भयानक था कि कार का अगला हिस्सा कैंटर के अंदर घुस गया था। मामले की जांच शामचंद कर रहे हैं।