हरियाणवी गायिका एवं डांसर हर्षिता दहिया की चमराड़ा व काकोदा के बीच गोली मारकर हत्या कर दी। उसे पांच से छह गोलियां मारी गईं। हर्षिता चमराड़ा गांव में कार्यक्रम में प्रस्तुति देकर अपने साथियों के साथ कार से वापस जा रही थी।
हत्यारोपी फोर्ड फिगो कार में सवार होकर आए थे। हत्या का प्राथमिक कारण सोशल मीडिया पर हर्षिता दहिया द्वारा एक विवादित टिप्पणी वाला वीडियो अपलोड करना माना जा रहा है। हर्षिता ने एक अन्य वीडियो में इसको लेकर धमकी मिलने की बात भी कही थी। एसपी व डीएसपी ने मौका मुआयना किया और थाना इसराना पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्जकर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
मूल रूप से सोनीपत के गांव नाहरा-नाहरी निवासी हरियाणवी गायिका एवं डांसर हर्षिता दहिया (23) नरेला, दिल्ली में अपनी मौसी के घर रहती थी। बताया जा रहा है कि वह मंगलवार को चमराड़ा गांव में किसान मिशन कार्यक्रम में प्रस्तुति देने आई हुई थी और शाम करीब चार बजे आई-10 कार में अपने ड्राइवर दो अन्य सहयोगियों के साथ वापस जा रही थी। उनकी कार जैसे ही चमराड़ा गांव से काकोदा की तरफ चली तो पीछे से काले रंग की फोर्ड फिगो गाड़ी आई और उनकी गाड़ी के आगे खड़ी हो गई।