फेसबुक पर अश्लील फोटो अपलोड कर दी, रोका तो मारने की धमकी दी। अब पुलिस आरोपी को नहीं पकड़ रही, क्षुब्ध होकर छात्रा ने बड़ा कदम उठा लिया। मामला हरियाणा के महेंद्रगढ़ का है।
एक युवक ने उपमंडल के एक गांव निवासी छात्रा का फेसबुक पर फर्जी अकाउंट बनाकर छात्रा की फोटो के साथ छेड़छाड़ कर उन्हें अश्लील रूप से पोस्ट कर दी। जब उसे ऐसा करने से मना किया तो उसने जान से मारने की धमकी दी। इतना ही नहीं तेजाब डालकर जिंदगी खराब करने की भी धमकी दी। छात्रा ने साहस कर उसकी शिकायत पुलिस को दी।
मगर पुलिस ने कार्रवाई के नाम पर केवल मुकदमा दर्ज कर इतिश्री कर दी। इसका नतीजा यह रहा कि शर्मिंदगी के कारण छात्रा ने कोचिंग क्लास जाना छोड़ दिया तथा खुद को घर में कैद कर लिया। पुलिस को दी शिकायत में छात्रा ने बताया कि वह राजस्थान के सीकर में रहकर पिछले दो साल से एआईपीएमटी की तैयारी में जुटी हुई थी।
तब से ही पाथेड़ा निवासी विजय शर्मा उसे परेशान कर रहा है। दो सप्ताह पूर्व विजय शर्मा ने फेसबुकर पर उसका फर्जी अकाउंट बना लिया तथा छात्रा की फोटो के साथ छेड़छाड़ करके उन्हें अश्लील बनाकर फेसबुक पर डाल दिया। उसके साथियों ने इसके बारे में उसे बताया तो वह परेशान हो गई।
उसने इसकी शिकायत पुलिस को दी। पुलिस ने आरोपी विजय शर्मा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। मगर आज तक मामले में आगामी कोई कार्रवाई नहीं हो पाई है। हालांकि पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए रेड मारी जा रही हैं।
शर्मिंदगी के कारण छोड़ी कोचिंग
rape
छात्रा ने बताया कि बार-बार पुलिस के चक्कर काटने के बावजूद भी आरोपी पकड़ा नहीं गया। साथी इस बारे में बार-बार सवाल करते हैं। बहुत ज्यादा शर्मिंदगी होने के कारण उसने पढ़ाई ही छोड़ दी। छात्रा ने बताया कि आरोपी उसे जान से मारने की धमकी दे रहा है तथा उस पर तेजाब डालने की भी धमकी दे रहा है। ये सारी बात पुलिस को बताई गई हैं, मगर कोई सुनवाई नहीं हो रही है।
2017 में भी दी थी शिकायत
पीड़िता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि जुलाई 2017 में भी आरोपी के खिलाफ शिकायत महेंद्रगढ़ थाना में की थी, लेकिन उस समय आरोपी विजय द्वारा गलती मानने के बाद समझौता कर लिया था। लेकिन उसके दो महीने बाद फिर उसने फोन करना, फोन पर गालियां देना, जान से मारने की धमकी देना, परिवार को खत्म करने की धमकी देना और तेजाब डाल कर जिंदगी खराब की धमकी देना शुरू कर दिया।
आरोपी को गिरफ्तार करने में पुलिस जुटी हुई है। पुलिस की ओर से रेड भी डाली गई है। जल्द ही आरोपी पुलिस गिरफ्त में होगा।
- मीनाक्षी, थाना प्रभारी