रेनू ने बताया कि राधिका को शहर के चार निजी अस्पतालों में लेकर गई लेकिन सभी ने रेफर कर दिया तो आखिर में वह राधिका को लेकर नागरिक अस्पताल पहुंचीं, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मामले में मिलगेट थाना पुलिस ने राधिका के पिता रणधीर के बयान पर उसके भाई सुधीर पर हत्या का केस दर्जकर लिया है। देर शाम पुलिस ने आरोपी सुधीर को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी सुधीर को पुलिस गुरुवार को अदालत में पेश करेगी। 42 वर्षीय आरोपी सुधीर अविवाहित है और एक होटल में काम करता है।
राधिका ने कुछ दिन पहले ही सीखा था, मां-पापा बोलना
राधिका की माता रेनू ने बिलखते हुए बताया कि राधिका के जन्म से कान नहीं थे। इसे कई अस्पतालों में दिखाया गया था लेकिन इलाज नहीं मिल रहा था। रेनू ने कहा कि राधिका कुछ दिन पहले ही मां और पापा बोलने लगी थी। पीड़ित रणधीर ने बताया कि वह मसाज का काम करता है और उसके तीन बच्चों में राधिका सबसे छोटी थी।
सबसे बड़ा बेटा अनमोल, उससे छोटा मानव और फिर राधिका थी। रणधीर ने बताया कि वह हर रोज की तरह बुधवार को भी सुबह करीब नौ बजे काम पर चला गया। घर पर पत्नी रेनू, तीनों बच्चे और उसकी मां व उसका बड़ा भाई सुधीर थे। घटना के बारे में उसकी पत्नी ने फोन पर सूचना दी, जिसके बाद वह घर पहुंचा था।
आरोपी सुधीर को गिरफ्तार कर लिया गया है। फिलहाल पूछताछ में सुधीर ने बताया है कि वह दिमागी तौर पर बीमार है। इसी वजह से वह अपने भाई से इलाज के लिए रुपये मांग रहा था। उसका भाई उसे रुपये नहीं दे रहा था। उसी रंजिश के कारण मौका देखकर उसने ये हत्या की है। जयवीर, एएसआई, मिलगेट थाना, हिसार।