पुलिसकर्मियों को गन प्वाइंट पर बंधक बनाकर पुलिस हिरासत से गैंगस्टर को लेकर फरार हो गए युवक। पंजाब के रोपड़ के नवांशहर-रोपड़ रोड पर घटी। यहां स्थित ढाबे पर बुधवार को पुलिस मुलाजिमों को गन प्वाइंट पर रख कुछ लोग कैदी दिलप्रीत सिंह को लेकर फरार हो गए। फरार हुआ कैदी गैंगस्टर केसर मल्ली ग्रुप का बताया जा रहा है।
आरोपी एक पुलिस कर्मी की एके 47 राइफल और बीस कारतूस की मैगजीन भी लूट ले गए। बाद में एके 47 घटनास्थल से कुछ दूर पड़ी मिल गई। एसपी नवांशहर हरिंदर पाल परमार का कहना है पुलिस मुलाजिमों की लापरवाही से सामने आ रही है। मामले की जांच की जा रही है।
बुधवार की दोपहर की करीब 1:40 बजे होशियारपुर जेल के पुलिस मुलाजिम कैदी दिलप्रीत सिंह पुत्र ओंकार सिंह वासी गांव ढाहा नूरपुरबेदी को खाना खिलाने के लिए रोपड़-नवांशहर रोड पर स्थित प्रीत डीलक्स ढाबे पर रुके। इस दौरान ढाबे पर फिल्मी अंदाज में छह-सात लोग दो गाड़ियों में पहुंचे और उन्होंने चार पुलिस मुलाजिमों को गन प्वाइंट पर ले लिया। ढाबा मालिक ने पुलिस को सूचना देने की कोशिश की तो उसकी कनपटी पर रिवाल्वर रख दिया। इसके बाद वह लोग कैदी दिलप्रीत सिंह को साथ लेकर फरार हो गए।