पत्नी की मौत हुई तो अकेलेपन को देखते हुए शादी के लिए विज्ञापन दिया। लो लड़की शादी को तैयार हुई वो शादी के दिन ही जेवर सहित फुर्र हो गई। घटना पंजाब के होशियारपुर जिले की है।
थाना दसूहा पुलिस ने हेराफेरी के आरोप में कमलजीत कौर के विरुद्ध हेराफेरी के आरोप में धारा 406, 420 के अधीन केस दर्ज किया है।
शिकायत कर्ता जरनैल सिंह ने बताया कि उसकी राहों रोड-बाजरा रोड पर खालसा करियाना स्टोर की दुकान है। लगभग 3 माह पूर्व उसकी पत्नी की मौत हो गई थी।
उसने समाचार पत्र में विज्ञापन दिया कि उसे जीवन साथी की आवश्यकता है। 7 जून को मोबाइल पर फोन आया कि कमलजीत कौर नाम युवती उससे विवाह करवाने के लिए तैयार है।
शादी का जोड़ा पहनने के बहाने गहने और कपड़े ले फरार
जरनैल सिंह ने बताया कि 12 जून को दसूहा में विवाह समारोह रखा गया था। वह अपने 2 लड़कों, 1 लड़की व 2 पौत्रों के साथ दसूहा आए।
कमलजीत कौर ने उसे हाजीपुर चौक में शिवजी की मूर्ति के निकट पहुंचने के लिए कहा था। जब वह वहां पहुंचे तो उसने सोने के जेवर टॉप्स, चेन, लॉकेट, अंगूठी व सूट आदि पहनने के लिए ले लिए। उसने कहा कि वह मंदिर के बाथरूम से कपड़े बदल कर आती है।
शिकायतकर्ता के अनुसार कमलजीत कौर वापस न लौटी और सारे आभूषण व विवाह का नया जोड़ा लेकर फुर्र हो गई। पुलिस ने फरार कमलजीत कौर की तलाश शुरू कर दी है।