सेक्टर-16 अस्पताल से महिला का पर्स चोरी कर एक महिला व बच्चा फरार हो गए। पर्स में लाखों रुपये की नगदी व गहने थे। पीड़ित महिला की शिकायत पर सेक्टर-17 पुलिस स्टेशन में महिला की शिकायत पर डीडीआर दर्ज कर ली है और वैरिफाई कर रही है।
पुलिस को दी शिकायत में सेक्टर-37 की रहने वाली रागिनी ने बताया कि उसकी बहन मीनाक्षी की सेक्टर-16 जनरल अस्पताल में सर्जरी हुई थी। सर्जरी के बाद बहन मीनाक्षी को फिमेल सर्जरी वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया था। वह अस्पताल की तीसरी मंजिल से ग्राउंड फ्लोर पर लिफ्ट से किसी काम से जा रही थी। इस दौरान लिफ्ट में एक महिला और बच्चे ने उसके पर्स के अंदर से छोटा पर्स चोरी कर लिया। नीचे जाकर जब उन्होंने पर्स खोला तो हैरान रह गई। पर्स के अंदर रखा छोटा पर्स गायब था।
रागिनी ने पुलिस को बताया कि चोरी हुए पर्स में डायमंड के टॉप्स, 17 हजार यू एस डॉलर और 28 हजार रुपये की नगदी थी। पीड़ित महिला के अनुसार लिफ्ट में चढ़ने से पहले उसने पर्स चैक किया था और उसमें पैसे थे। लिफ्ट से निकलने के बाद ही पर्स गायब हुआ। लिफ्ट में सिर्फ महिला व एक बच्चा था। इसलिए शक उन पर ही जा रहा है। पीड़ित महिला ने सेक्टर-16 पुलिस चौंकी में भी मामले की शिकायत दी। जिसके बाद पुलिस ने मामले में शिकायत दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामला वैरिफाई करने के बाद केस दर्ज किया जाएगा।