एक मनचले युवक ने बाजार गई युवती का पीछा करना शुरू कर दिया। जब पिता और चाचा ने इसका विरोध किया तो मनचले ने साथियों संग मिलकर उन्हें डंडों, रॉड समेत अन्य हथियार से हमला कर दिया। मामले की सूचना पाकर पहुंची पुलिस घायलों को जीएमसीएच-32 ले गई, जहां उनका इलाज चल रहा है।
सेक्टर-31 थाना पुलिस ने अज्ञात युवकों के खिलाफ आईपीसी की धारा 147,148,149, 323, 324 और 354डी के तहत केस दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। आरोपी अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। घटना बीते शनिवार की है। रामदरबार फेज-2 में एक युवती अपने घर से कुछ सामान खरीदारी के लिए बाजार गई थी।
लौटते वक्त एक मनचले युवक ने उसका पीछा करना शुरू कर दिया। पीछा करते-करते वह युवती के घर तक पहुंच गया। इसके बाद युवती ने घटना की जानकारी अपने परिजनों को दी। इस दौरान जब युवती के पिता घर के बाहर आए तो मनचला युवक मोबाइल में गाना बजाकर घर के बाहर शोर-शराबा मचा रहा था।
युवती के पिता ने उसका मोबाइल छीनकर उसे अपने घर के परिजनों को साथ लाने को कहा। इसके बाद देर रात आरोपी मनचला अपने 7-8 दोस्तों के साथ युवती के घर पहुंच गया और युवती के पिता और चाचा पर डंडों, रॉड सहित अन्य तेजधार हथियार से हमला कर दोनों को लहूलुहान कर दिया।
शोर सुनकर आसपास के लोगों को पास आते देख आरोपी वहां से फरार हो गए। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस कंट्रोल रूम पर दी गई। सूचना पाकर वहां पहुंची सेक्टर-31 थाना पुलिस ने पीड़ित के बयान दर्ज किए और आरोपियों की पहचान में जुटी गई है। वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की छानबीन की जा रही है।