मोहाली के खरड़-चंडीगढ़ हाईवे पर नार्थ कंट्री मॉल के सामने मंगलवार को उस समय माहौल तनावपूर्ण हो गया। जब गांव मटौर सेक्टर-70 के लोगों ने हाईवे पर पुलिस के खिलाफ रोष प्रदर्शन किया। साथ ही हाईवे पर जाम लगा दिया। काफी समय तक हाईवे पर ट्रैफिक रुका रहा। लोगों का आरोप था कि घटना के 24 घंटे बीत जाने के बाद भी न तो पुलिस ने आरोपी पर केस दर्ज किया है न ही आरोपी को पकड़ पाई। ऐसे में उन्हें संघर्ष की राह पर आना पड़ा है।
इसके बाद बलौंगी थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। साथ ही लोगों को पर्चा दर्ज करने का आश्वासन देकर शांत किया। वहीं, मंगलवार पुलिस ने अज्ञात स्कूटर चालक पर पर्चा दर्ज कर लिया है। हालांकि आरोपी अब तक पकड़ से बाहर है।
जानकारी के मुताबिक सोमवार घटना सोमवार दोपहर की है। मटौर निवासी शाशि नाम की लड़की अपने भाई-बहनों के साथ नार्थ कंट्री मॉल घूमने गई थी। मॉल से बाहर निकलकर जैसे ही वे सड़क पार करने लगे। तभी एक तेज रफ्तार स्कूटर चालक ने लड़की को टक्कर मार दी। हादसे में लड़की व उसकी बहन बुरी तरह घायल हो गई।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने तुरंत दोनों को फेज-6 के सिविल अस्पताल ले गई, लेकिन रास्ते में उक्त लड़की की मौत हो गई। वहीं मृतक की बहन ने पुलिस को दिए बयानों में बताया कि उसकी बहन को एक स्कूटर सवार ने टक्कर मारी थी।
हालांकि इसके बाद भी पुलिस ने आरोपी पर केस दर्ज नहीं किया था। जैसे ही इस बारे में मंगलवार को इलाके के लोगों को पता चला, लोग अस्पताल पहुंच गए। उन्होंने पहले मृतका का पोस्टमार्टम रुकवाया। इसके बाद हाईवे पर जाम लगा दिया। पार्षद हरपाल चन्ना ने मांग की है कि आरोपी को तुरंत पकड़ा जाए। ताकि परिवार वालों को इंसाफ मिल पाए।