जीएमसीएच-32 स्थित सी ब्लॉक में 27 वर्षीय युवती ने सातवीं मंजिल से छलांग लगा दी। युवती दूसरी मंजिल पर बैठे दो लोगों पर गिरी। इस कारण एक व्यक्ति का पैर टूट गया, वहीं दूसरा व्यक्ति घायल हो गया। मौके पर मौजूद स्टाफ तीनों को तत्काल इमरजेंसी में ले गया। जहां डॉक्टरों ने युवती को मृत घोषित कर दिया। वहीं अन्य दो लोगों का इलाज चल रहा है।
घर वालों को बताया- पिहोवा जा रही हूं
पुलिस के अनुसार युवती रोहतक में अपने परिवार के साथ रहती थी। उसे विदेश जाना था, इसलिए वह पिहोवा के एक इंस्टीट्यूट में पढ़ रही थी। उसने घर वालों को बताया कि वह पिहोवा जा रही है। पुलिस के अनुसार घर वाले किसी भी समस्या व झगड़े से इनकार कर रहे हैं। उनका कहना है कि अन्नू खुश थी, कहीं किसी से कोई समस्या नहीं थी। परिजनों ने पुलिस को बताया है कि वह दिल्ली से कुछ दिन पहले ही अपनी मां के साथ लौटी है।
आत्महत्या का केंद्र बन रहा जीएमसीएच-32
जीएमसीएच-32 धीरे-धीरे आत्महत्या का केंद्र बनता जा रहा है। सुरक्षा व्यवस्था को ठेंगा दिखाकर यहां की इमारत से लोग छलांग लगा दे रहे हैं। कुछ दिन पहले एक मरीज ने यहां से छलांग लगा दी थी जिस कारण उसकी मौत हो गई थी। उसके अगले ही दिन एक और व्यक्ति ने इमारत की खिड़की से कूदने की कोशिश की, हालांकि उसे बचा लिया गया। अब यह तीसरा मामला सामने आया है।