सहपाठी और उसके घर वाले ऐसी डिमांड कर रहे थे कि 19 साल की युवती ने जहर खाकर सुसाइड कर ली। जान देने का असली सच सामने आया तो मां-बाप, भाई हैरान रह गए। घटना मोहाली के लांडरां की है। बनूड़ के तहत पड़ने वाले गांव सलेमपुर नगल निवासी युवती को उसके साथ पढ़ने वाला युवक शादी करने के लिए मजबूर कर रहा था।
लड़की मान जाए, इसके लिए वह उसके पिता और भाई को जान से मारने की धमकियां दे रहा था। इससे परेशान होकर युवती ने सुसाइड कर ली। शादी के लिए युवती को मजबूर करने वाला लड़का इस समय कनाडा पढ़ाई करने गया हुआ है। उसके पिता पंजाब पुलिस में हवलदार हैं और मोहाली में तैनात हैं। पुलिस ने आरोपी लड़के और उसके माता-पिता के खिलाफ धारा 306 के तहत केस दर्ज करके आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है।
कनाडा से फोन करके शादी करने को कहता था
थाना प्रभारी निर्मल सिंह और जांच अधिकारी बलकार सिंह ने बताया कि युवती के पिता ने मामले की शिकायत दी है। इसमें उन्होंने बताया कि उनकी लड़की राजपुरा के एक निजी कॉलेज में बीसीए थर्ड ईयर में पढ़ाई कर रही थी। एक साल पहले उसके साथ पढ़ने वाले सुखदीप सिंह के साथ उसकी दोस्ती हो गई।
सुखदीप एक साल पहले पढ़ाई करने कनाडा में चला गया। इसके बाद दोनों की बातचीत नहीं हुई। कुछ महीने पहले सुखदीप के कनाडा से फोन आने लगे। फोन पर वह उनकी बेटी को शादी करने के लिए कहता रहा। वह उसको हर बार कहती कि वे अच्छे दोस्त हैं और उसके साथ शादी नहीं कर सकती। इसके बाद आरोपी सुखदीप अपने पिता से फोन कराने लगा।
शादी के लिए इंकार करने पर वे उसके पिता और भाई को जान से मारने की धमकी देने लगे। युवती ने दो दिन पहले सारी बात अपने परिजनों को बताई तो उन्होंने सुखदीप के परिजनों से बात करके विरोध दर्ज कराया। इसके बाद युवती ने बनूड़ में रह रहे अपने भाई को भी सारी बात बताई।
अस्पताल में इलाज मे दौरान युवती ने तोड़ा दम
शनिवार सुबह युवती के परिजन बनूड़ थाने में रिपोर्ट दर्ज कराने की तैयारी कर रहे थे, कि युवती ने अपने परिजनों की बेइज्जती को बर्दाश्त न करते हुए शनिवार सुबह 10 बजे जहरीला पदार्थ निगल लिया। जब उसकी तबीयत खराब होने लगी तो परिजन उसे बनूड़ के निजी अस्पताल में ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे प्राथमिक उपचार दिया। लेकिन देर शाम उसने दम तोड़ दिया।
पुलिस ने आरोपी लड़के सुखदीप सिंह, उसके पिता गुरमीत सिंह और मां के खिलाफ धारा 306 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी निर्मल सिंह ने बताया कि गुरमीत सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि उसकी पत्नी और बेटा गिरफ्त से बाहर हैं। पुलिस ने रविवार को युवती के शव का डेराबस्सी के सरकारी अस्पताल से पोस्टमार्टम करवाकर उसे परिजनों को सौंप दिया। दोपहर बाद युवती का गांव के शमशानघाट में अंतिम संस्कार कर दिया गया।