सेक्टर-12 में एक महिला एक दिन की बच्ची को झाड़ियों में फेंककर चली गई। मंगलवार सुबह सैर करने निकले कुछ लोगों ने बच्ची को देखा। उसकी धड़कन चल रही थी।
उसे आनन-फानन में पंचकूला सेक्टर-6 जनरल अस्पताल में दाखिल करवाया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। निकू वार्ड में उसे आक्सीजन और ग्लूकोज लगाया गया है। बाल रोग विशेषज्ञ डा. रोहित ने बताया कि बच्ची का वजन 2.7 किलोग्राम है।
उधर, पुलिस ने आरोपी मां को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी विमला यूपी के जिला उन्नाव की रहने वाली है। वह पिछले करीब चार साल से पंचकूला के सेक्टर-12 के पास स्थित गांव रैला में रहती थी।
सेक्टर-5 पुलिस के मुताबिक, पिछले करीब दो साल से वह अपने पति से अलग किराये के कमरे में रहती थी। अब बेटी को जन्म दिया तो उसे फेंक दिया। पुलिस ने मंगलवार सुबह ही आईपीसी की धारा 317 के तहत मामला दर्ज कर लिया था।
ऐसे पकड़ी गई आरोपी
पुलिस ने रैला गांव में मुखबिर को अलर्ट किया और पता कराया कि कौन महिला गर्भवती थी। इस दौरान विमला का नाम सामने आया। पुलिस ने विमला के कमरे का पता लगाकर रेड की। विमला ने कमरे को अंदर से बंद किया था और काफी देर खटखटाने के बाद भी वह दरवाजा नहीं खोल रही थी।
पुलिस किसी तरह कमरे में दाखिल हुई और विमला को गिरफ्तार कर लिया। सेक्टर-6 स्थित जनरल अस्पताल में विमला का मेडिकल हुआ और उसके व बच्ची के डीएनए सैंपल लिए गए। बुधवार को विमला को कोर्ट में पेश किया जाएगा।
जनरल अस्पताल के बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. राजकुमार ने बताया कि सुबह सात बजे बच्ची को कुछ लोग अस्पताल लेकर आए थे। उसकी हालत नाजुक है। उसे आक्सीजन और ग्लूकोज दिया गया है और निगरानी रखी जा रही है। पुलिस को भी इसकी सूचना दे दी गई है।